खैनूरी सड़क को प्राथमिकता से दुरुस्त कर आवागमन बहाल करने के निर्देश
देहरादून, 3 अगस्त। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली जिले के दशोली विकासखंड स्थित ग्राम खैनूरी को जोड़ने वाली आपदा से क्षतिग्रस्त सड़क का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी चमोली और संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर सड़क की मरम्मत कर शीघ्र आवागमन सुचारु करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री से ग्रामीणों ने दूरभाष पर संपर्क कर बताया कि आपदा के कारण सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे गांव के करीब 120 परिवारों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों की समस्या सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कर ग्रामीणों के लिए सुरक्षित एवं निर्बाध आवागमन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही मौके की स्थिति का आकलन कर आवश्यकता के अनुसार सभी जरूरी कदम उठाने को भी कहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक की समस्या का समयबद्ध और प्रभावी समाधान राज्य सरकार की प्राथमिकता है। आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, विद्युत तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की बहाली में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए जनसुविधाओं की शीघ्र बहाली सुनिश्चित करें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए विशेषकर ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों से प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सामान्य जनजीवन को जल्द पटरी पर लाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी अधिकारियों को पूरी तत्परता के साथ आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करनी होंगी।
