एसआईआर प्रक्रिया पर कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग का प्रशिक्षण
मतदाताओं की सहायता के लिए बनेगा कंट्रोल रूम
देहरादून, 3 अगस्त। उत्तराखंड कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग ने सोमवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया से संबंधित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया।
अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष हाजी सुलेमान अंसारी ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया के कारण प्रदेश में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटने की आशंका है। उन्होंने कहा कि विभाग का प्रयास है कि प्रदेश के किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से न कटे।
प्रशिक्षण शिविर में कांग्रेस के एसआईआर प्रदेश समन्वयक ने कहा कि यदि मतदाता और पार्टी के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) सतर्क रहें तो किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से नहीं कटेगा। उन्होंने एएसडी (Absent, Shifted, Dead) श्रेणी के कारण हटे नामों को पुनः शामिल कराने, नए मतदाताओं का पंजीकरण कराने के लिए फॉर्म-6 तथा आवश्यक दस्तावेजों, नाम विलोपन के लिए फॉर्म-7, प्रतिदिन प्रकाशित होने वाली सूचियों की निगरानी और सुनवाई की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी।
हाजी सुलेमान अंसारी ने बताया कि एसआईआर प्रक्रिया के दूसरे चरण, यानी नोटिस अवधि के दौरान मतदाताओं की सहायता के लिए अल्पसंख्यक विभाग की ओर से एक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया जाएगा।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक मनोज रावत, पछवादून जिला कांग्रेस अध्यक्ष संजय किशोर तथा कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे
