Front Page

आठ साल से बुरूकोट गधेरे पर पुल का इंतजार, ग्रामीणों में रोष

 

थराली, 11 अगस्त (हरेन्द्र बिष्ट)। थराली-देवाल-मंदोली-वांण मोटर मार्ग के किलोमीटर 43 में बुरूकोट गधेरे पर पुल निर्माण का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। करीब आठ वर्षों से पुल निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीण शासन-प्रशासन और लोक निर्माण विभाग के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। इससे वांण गांव समेत क्षेत्रीय जनता में रोष है।
पुल नहीं होने के कारण स्थानीय ग्रामीणों के साथ ही इस मार्ग से गुजरने वाले लाटू भक्तों और पर्यटकों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। खासकर बरसात के दौरान गधेरे का जलस्तर बढ़ने पर यहां से आवाजाही जोखिम भरी हो जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि पुल निर्माण की मांग को लेकर पिछले आठ वर्षों से लगातार शासन-प्रशासन और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से गुहार लगाई जा रही है। कई बार समस्या से अवगत कराने के बावजूद अब तक निर्माण की दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है।
वांण के सामाजिक कार्यकर्ता हीरा सिंह गढ़वाली ने कहा कि आठ वर्षों से मांग किए जाने के बावजूद पुल का निर्माण शुरू नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने शासन-प्रशासन से तत्काल पुल निर्माण शुरू करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीणों को आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!