गौचर में हुई पत्रकारों की समस्याओं पर चर्चा
गौचर, 12 अगस्त (गुसाईं)। भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ की चमोली जिला इकाई की बैठक में संगठन के विस्तार और मजबूती को लेकर चर्चा की गई। बैठक में तय किया गया कि सितंबर माह में जनपद के पत्रकारों की बैठक गौचर में आयोजित कर संगठन का विस्तार किया जाएगा।
बुधवार को भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष चन्द्रवीर गायत्री के गौचर पहुंचने पर उनका पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं अंगवस्त्र ओढ़ाकर स्वागत किया गया। एक होटल में प्रदेश अध्यक्ष की अध्यक्षता में हुई बैठक में जनपद चमोली में संगठन को मजबूत करने और अधिक से अधिक पत्रकारों को इससे जोड़ने पर विचार-विमर्श किया गया। तय किया गया कि सितंबर में गौचर में जनपद के पत्रकारों की बैठक आयोजित की जाएगी।
प्रदेश अध्यक्ष की सहमति और जिलाध्यक्ष की अनुमति के बाद लक्ष्मण सिंह रावत को एसोसिएट सदस्य बनाए जाने के साथ ही जनपद चमोली का प्रभारी भी नियुक्त किया गया।
प्रदेश अध्यक्ष चन्द्रवीर गायत्री ने कहा कि पत्रकार भले ही विभिन्न संगठनों में बंटे हुए हैं, लेकिन भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ पत्रकारों का देश ही नहीं, विदेशों में भी सक्रिय बड़ा संगठन है। उन्होंने बताया कि नेपाल, दुबई और चीन में भी संगठन की शाखाएं कार्य कर रही हैं। उनके अनुसार संगठन में अब तक 48 हजार से अधिक सदस्य जुड़े हैं। उत्तराखंड में हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर सहित विभिन्न जिलों से 500 से अधिक पत्रकार संगठन के सदस्य हैं।
उन्होंने कहा कि संगठन पत्रकारों की समस्याओं और उनके अधिकारों को लेकर शासन स्तर पर आवाज उठाने के साथ ही आवश्यकता पड़ने पर न्यायालय में भी पैरवी करता है।
जिलाध्यक्ष दिग्पाल गुसाईं ने जनपद के पत्रकारों से संगठन से जुड़कर इसे मजबूत बनाने का आह्वान किया। बैठक में लक्ष्मण सिंह रावत, खुशाल असवाल, देवेंद्र गुसाईं, अरुण मिश्रा और गोविंद सिंह बिष्ट सहित अन्य पत्रकारों ने भी विचार व्यक्त किए।
