आदिबदरी मंदिर समूह को बीकेटीसी में शामिल करने की कवायद तेज
आदिबदरी मंदिर समूह को बीकेटीसी में शामिल करने की कवायद तेज
12 सितम्बर की बोर्ड बैठक में रखा जाएगा प्रस्ताव, उच्चस्तरीय टीम ने जुटाई जानकारी

आदिबदरी/चमोली, 7 सितम्बर (कपरुवाण)। पौराणिक, धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व के आदिबदरी मंदिर समूह को श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) में शामिल करने की दिशा में कवायद तेज हो गई है। इस संबंध में बीकेटीसी की भू-संपत्ति से जुड़ी उच्चस्तरीय टीम सोमवार को आदिबदरी पहुंची और मंदिर की पूजा-पद्धति, प्रबंधन व्यवस्था, भू-संपत्ति, हक-हकूक तथा धार्मिक आयोजनों सहित विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी जुटाई।
बीकेटीसी के उपाध्यक्ष एवं भू-संपत्ति उपसमिति के अध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती की अगुवाई में पहुंची टीम का आदिबदरी मंदिर प्रबंध समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया।
गौरतलब है कि क्षेत्र की जनता और आदिबदरी मंदिर प्रबंध समिति लंबे समय से आदिबदरी मंदिर समूह को बीकेटीसी के अधीन लाने की मांग करती रही है। इस संबंध में मंदिर प्रबंध समिति और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की ओर से मुख्यमंत्री तथा बीकेटीसी अध्यक्ष एवं मुख्य कार्याधिकारी को पत्र भी भेजे गए थे। इन्हीं पत्रों के संदर्भ में बीकेटीसी की टीम ने सोमवार को मंदिर प्रबंध समिति के साथ बैठक कर आवश्यक जानकारियां जुटाईं।
बैठक में मंदिर की परंपरागत पूजा-पद्धति एवं वर्तमान प्रबंधन व्यवस्था, मंदिर से संबंधित भू-संपत्ति, हक-हकूकधारियों की स्थिति तथा मंदिर में आयोजित होने वाले धार्मिक एवं अन्य समारोहों के बारे में विस्तार से चर्चा की गई। टीम ने मंदिर से जुड़े विभिन्न पक्षों की जानकारी लेते हुए संबंधित तथ्यों और व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।
बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती ने कहा कि जनभावनाओं को देखते हुए आदिबदरी मंदिर समूह को बीकेटीसी में शामिल करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आगामी 12 सितम्बर को ऋषिकेश में प्रस्तावित बीकेटीसी बोर्ड की बैठक में आदिबदरी मंदिर समूह को समिति में शामिल करने संबंधी प्रस्ताव रखा जाएगा। बोर्ड की बैठक में इस पर जो निर्णय लिया जाएगा, उसी के अनुरूप आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक के बाद आदिबदरी मंदिर प्रबंध समिति की ओर से बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती सहित टीम के सदस्यों को आदिबदरी मंदिर समूह का चित्र भेंट किया गया।
बैठक में बीकेटीसी सदस्य दिनेश डोभाल, धीरज पंचभैय्या (मोनू), डॉ. विनीत पोस्ती, अवर अभियंता गिरीश रावत, प्रभारी संपत्ति निरीक्षक कुलदीप बिष्ट, आदिबदरी मंदिर समिति के अध्यक्ष जगदीश बहुगुणा, कोषाध्यक्ष विजय चमोला, ग्राम प्रधान नवीन बहुगुणा, मंदिर के पुजारी, अन्य ग्राम प्रधान, मंदिर समिति के पदाधिकारी, सदस्य तथा ग्रामीण मौजूद रहे।
