पिलखड़ा में रंगारंग कार्यक्रमों के साथ राजकीय मेले का आगाज
जिला पंचायत अध्यक्ष ने विकास कार्यों के लिए 37 लाख रुपये देने की घोषणा की
-हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट-
थराली/देवाल, 14 सितम्बर। पिलखड़ा (ल्वाणी) में 20वें दो दिवसीय राजकीय राजराजेश्वरी संस्कृति संरक्षण मेले का सोमवार को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ शुभारंभ हुआ। थराली विधायक भूपाल राम टम्टा और जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर और रिबन काटकर मेले का उद्घाटन किया। महिला मंगल दलों और स्कूल-कॉलेजों के छात्र-छात्राओं ने लोक संस्कृति पर आधारित कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
उद्घाटन से पहले विधायक टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष बिष्ट और अन्य अतिथियों ने पिलखड़ा स्थित मां नंदा भगवती के पौराणिक मंदिर में पूजा-अर्चना कर क्षेत्र, जिले, प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि की कामना की।
विधायक भूपाल राम टम्टा ने कहा कि मां नंदा देवी की कैलाश यात्रा के अवसर पर पिछले 20 वर्षों से इस मेले का आयोजन होना सराहनीय है। लोक संस्कृति के संरक्षण और उसके प्रचार-प्रसार के लिए ऐतिहासिक एवं पारंपरिक पर्वों पर सार्वजनिक मेलों का आयोजन जरूरी है। उन्होंने मेले को राजकीय मेला घोषित किए जाने पर क्षेत्रवासियों को बधाई दी।
जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट ने कहा कि मेले के विकास के लिए हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। हाट-कल्याणी वार्ड की जिला पंचायत सदस्य उर्मिला बिष्ट की मांग पर उन्होंने विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों के लिए 37 लाख रुपये देने की घोषणा की।
मेला समिति के अध्यक्ष महावीर बिष्ट ने अतिथियों का स्वागत करते हुए मेले की दो दशक की यात्रा और इसके आयोजन में आई कठिनाइयों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि लंबे समय से जनसहयोग के बल पर मेला आयोजित होता रहा है। इसे राजकीय मेला घोषित किए जाने से आयोजन को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने इसके लिए विधायक भूपाल राम टम्टा का आभार जताया।
इस अवसर पर सवाड़ वार्ड के जिला पंचायत सदस्य बलवीर राम ने राजकीय इंटर कॉलेज ल्वाणी के मैदान के समतलीकरण के लिए दो लाख रुपये तथा चौंड़ा वार्ड की जिला पंचायत सदस्य कलावती देवी ने पिलखड़ा नंदा मंदिर के प्रवेश द्वार के निर्माण के लिए दो लाख रुपये देने की घोषणा की। जिला पंचायत सदस्य हरी सोनियाल और भाजपा मंडल अध्यक्ष देवाल उमेश मिश्रा ने भी विचार रखे।
मेले का प्रमुख आकर्षण महिला मंगल दलों के सांस्कृतिक कार्यक्रम रहे। महिलाओं ने मां नंदा की स्तुति में नंदा झोड़ा, चांचड़ी और चौंफला प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को नंदामय कर दिया। सांस्कृतिक कला मंच पांडवास की ओर से प्रस्तुत नरसिंह नृत्य को भी दर्शकों ने खूब सराहा। विभिन्न विभागों की विकास प्रदर्शनियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं।
कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि सुरेंद्र बिष्ट, गणेश मिश्रा, राकेश भारद्वाज, किसान मोर्चा के धीरेंद्र बिष्ट, युवा मोर्चा के विनय मिश्रा, ग्राम प्रधान ल्वाणी मीना देवी, ताजपुर के मदन मोहन, हरनी की रीता पांडे, बानुड़ी की आनंदी देवी, मंदोली की भागीरथी देवी, कांड़े की प्रियंका देवी, उलंग्रा की बिमला देवी, धूरा-धारकोट के वीर सिंह, फल्दियागांव के प्रेम सिंह बिष्ट सहित विभिन्न गांवों के जनप्रतिनिधि, महिला मंगल दलों के सदस्य और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
मेला समिति की ओर से सुंदर बिष्ट, महिपाल बिष्ट, भूपेंद्र बिष्ट, गंगा सुयाल और हरिकृष्ण पांडे सहित अन्य सदस्यों ने व्यवस्थाएं संभालीं। मंच संचालन डॉ. कृपाल सिंह भंडारी ने किया।
