तलवाड़ी महाविद्यालय में हिंदी दिवस पर प्रतियोगिताएं, विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
थराली, 14 सितम्बर (हरेन्द्र बिष्ट)। स्वतंत्रता सेनानी आलम सिंह फरस्वाण राजकीय महाविद्यालय तलवाड़ी-थराली में हिंदी दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर हिंदी के प्रति रुचि और रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने के लिए निबंध, पोस्टर और वैचारिकी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
वैचारिकी प्रतियोगिता में एमए की कल्पना कुनियाल ने प्रथम, बीएससी की रेनुका ने द्वितीय और बीए की किरन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पोस्टर प्रतियोगिता में बीए के अनमोल जोशी प्रथम, बीएससी की रेनुका द्वितीय और एमए की कल्पना कुनियाल तृतीय रहीं। निबंध प्रतियोगिता में एमए की दीक्षा ने प्रथम, कल्पना कुनियाल ने द्वितीय और बीए के अनमोल जोशी ने तृतीय स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में डॉ. ललित जोशी, डॉ. जमशेद अंसारी, मनोज कुमार, डॉ. कमलेश कुमार, रजनी नेगी और अनुज कुमार शामिल रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य प्रो. डॉ. सेराज मोहम्मद ने विजेता प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हिंदी की विकास यात्रा और उसका विस्तार अत्यंत व्यापक है। हिंदी दिवस अपनी भाषा के प्रति सम्मान और प्रतिबद्धता को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने हिंदी में पत्राचार और हस्ताक्षर को प्रोत्साहित करने के साथ डिजिटल युग में हिंदी को विज्ञान एवं तकनीक से जोड़कर अधिक समृद्ध और सशक्त बनाने पर जोर दिया।
इस मौके पर डॉ. नीतू पांडे, डॉ. ललित जोशी और डॉ. स्मिता तिवारी ने हिंदी की उपयोगिता और वर्तमान समय में उसकी प्रासंगिकता पर विचार रखे। विषय प्रवर्तन डॉ. खेमकरण सोमन ने किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन एमए की छात्राओं कल्पना कुनियाल और दीक्षा ने संयुक्त रूप से किया।
समापन अवसर पर ‘किड्स ऑफ लोल्टी’ की संगीत टीम ने सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में डॉ. प्रतिभा आर्य, रजनीश कुमार, डॉ. सुनील कुमार, तनुजा, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी नरेंद्र सिंह फर्त्याल, वरिष्ठ सहायक थान सिंह, डॉ. सुधा राना, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि सुभाष कुमार, ममता, कनिष्ठ सहायक महिपाल सिंह रावत, हुकम सिंह रावत, मीनाक्षी, धीरेंद्र नेगी, सुमित कुमार, नितिन कुमार, नीतीश कुमार, दीपा रावत, आरती, प्रियांशु तथा ‘किड्स ऑफ लोल्टी’ की श्रीदेवी, पूनम, बबली, कविता, निशा, चंद्रशेखर और दीपक देवराड़ी सहित छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
