Front Page

देहरादून में 29 सितम्बर को लगेगी मासिक डाक अदालत

 

देहरादून, 14 सितम्बर। भारतीय डाक विभाग उत्तराखंड परिमंडल की ओर से डाक सेवाओं से संबंधित उपभोक्ताओं की शिकायतों के निस्तारण के लिए 29 सितम्बर को देहरादून में मासिक डाक अदालत आयोजित की जाएगी। अदालत अपराह्न चार बजे कार्यालय मुख्य पोस्टमास्टर जनरल, उत्तराखंड परिमंडल, देहरादून में होगी।

डाक विभाग के अनुसार अदालत में पंजीकृत डाक, पार्सल, वीपीपी, मनीऑर्डर, बचत बैंक और अन्य डाक सेवाओं से जुड़ी ऐसी शिकायतों पर सुनवाई की जाएगी, जिनका पहले विभागीय स्तर पर समाधान नहीं हो सका है। शिकायत में संबंधित अधिकारी को पहले भेजी गई शिकायत का विवरण भी दिया जाना चाहिए।
डाक अदालत में न्यायालय द्वारा पहले ही निर्णीत मामलों, उपभोक्ता फोरम में चल रहे मामलों, महानिदेशालय स्तर पर निपटाए जा चुके मामलों तथा पूर्व में डाक अदालत में शामिल किए जा चुके मामलों को स्वीकार नहीं किया जाएगा।

शिकायतकर्ता अपने आवेदन पर स्पष्ट अक्षरों में ‘डाक अदालत हेतु शिकायत’ लिखकर सहायक निदेशक (परिवाद), कार्यालय मुख्य पोस्टमास्टर जनरल, उत्तराखंड परिमंडल, देहरादून-248001 को भेज सकते हैं। शिकायतें ई-मेल asppgcodn@gmail.com पर भी भेजी जा सकती हैं।
डाक विभाग ने कहा है कि उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिमंडलीय कार्यालय में मासिक डाक अदालत आयोजित की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!