रंगारंग कार्यक्रमों और पुरस्कार वितरण के साथ पिलखड़ा मेला संपन्न
अगले वर्ष और भव्य रूप से होगा आयोजन : महावीर बिष्ट

थराली/देवाल, 15 सितम्बर (हरेंद्र बिष्ट)। पिलखड़ा (ल्वाणी) में आयोजित 20वां दो दिवसीय राजकीय राजराजेश्वरी संस्कृति संरक्षण मेला मंगलवार को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों, पुरस्कार वितरण और नंदा की उत्सव डोली के दर्शनों के साथ संपन्न हो गया। मेले में स्थानीय कलाकारों के साथ राज्य के विभिन्न लोक कला मंचों, गायकों और गायिकाओं ने प्रस्तुतियां दीं।
पिलखड़ा मंदिर परिसर में आयोजित समापन समारोह का शुभारंभ राज्यमंत्री एवं भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बलवीर घुनियाल, जागर गायिका पद्मश्री बसंती बिष्ट, देवाल के ब्लॉक प्रमुख तेजपाल रावत, ज्येष्ठ प्रमुख दीपक गड़िया, उद्योग व्यापार मंडल के चमोली जिलाध्यक्ष ईश्वरी मैखुरी और कांग्रेस नेता संदीप पटवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
राज्यमंत्री बलवीर घुनियाल ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि लोक संस्कृति को जीवंत बनाए रखने के लिए इस तरह के मेलों का आयोजन जरूरी है। ब्लॉक प्रमुख तेजपाल रावत ने कहा कि पिलखड़ा मेला क्षेत्रीय प्रतिभाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने का बेहतर मंच उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने मेले को राजकीय मेला घोषित किए जाने पर आयोजन समिति को बधाई दी और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
पद्मश्री बसंती बिष्ट ने कहा कि उनका गांव भी इसी क्षेत्र में है और पिलखड़ा मेले से अनेक नवोदित कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने लोक संस्कृति के संरक्षण और प्रचार-प्रसार के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया।
आयोजन समिति के अध्यक्ष महावीर बिष्ट ने अतिथियों और क्षेत्रवासियों का आभार जताते हुए कहा कि सभी के सहयोग से अगले वर्ष मेले को और भव्य तथा व्यापक रूप दिया जाएगा।
समापन अवसर पर भाजपा नेता लखन रावत, ठेकेदार संघ अध्यक्ष पुष्कर सिंह फर्स्वाण, कोषाध्यक्ष किशोर घुनियाल, पूर्व खंड शिक्षा अधिकारी जीडी कुनियाल, राजकुमार, हुक्म सिंह बिष्ट, क्षेत्र पंचायत सदस्य उर्वी दत्त जोशी, पान सिंह तुलेरा, राधा बिष्ट, राजेंद्र सिंह, हीरा गड़िया, धन सिंह बिष्ट, जगदीश राम कोठियाल, लाटू देवता मंदिर समिति अध्यक्ष खिम राम, त्रिलोक सिंह राणा, नंदी कुनियाल, प्रकाश कुनियाल, नरेंद्र राम, दयाल राम, मोहन राणा, कांग्रेस नेता सुभाष रावत, महेश खंडूड़ी, राजेश नेगी और पार सिंह दानू सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
आयोजन समिति के भूपेंद्र बिष्ट ‘भुप्पी’, महिपाल सिंह बिष्ट, सुंदर बिष्ट, ग्राम प्रधान ल्वाणी मीना देवी और क्षेत्र पंचायत सदस्य पारी देवी ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. कृपाल भंडारी ने किया।
मेले में क्षेत्र के महिला मंगल दलों तथा स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थियों ने भी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इससे पहले सोमवार रात आयोजित सांस्कृतिक संध्या में भी लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को देर तक बांधे रखा।
