बधाण की नंदा डोली मुंदोली पहुंची, आज वांण में चार देव डोलियों का मिलन
कनोल में विशेष देवी पूजन में उमड़े श्रद्धालु, दशोली-बण्ड की डोलियों से मिली ज्वालपा देवी
-हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट-
थराली/नंदानगर, 15 सितम्बर। बधाण परगना की नंदादेवी राजराजेश्वरी की बड़ी जात मंगलवार को अपने 12वें पड़ाव मुंदोली गांव पहुंच गई। उधर, दशोली और बण्ड परगनों की नंदा देवी की डोलियां कनोल गांव में विशेष देवी पूजन के लिए रुकी रहीं। यहां ल्वाणी गांव से आई ज्वालपा देवी की डोली का भी अन्य देव डोलियों और छंतोलियों से मिलन हुआ। बुधवार को लाटू धाम वांण में बधाण, दशोली और बण्ड की नंदा डोलियों तथा ज्वालपा देवी का भावपूर्ण मिलन होगा।
मंगलवार को बधाण की नंदा देवी की उत्सव डोली अपने 11वें पड़ाव फल्दियागांव से मुंदोली के लिए रवाना हुई। विदाई के अवसर पर सवाण, लौसरी, ग्वीला, उलंग्रा सहित आसपास के गांवों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर मनौतियां मांगीं। फल्दियागांव में यात्रा के स्वागत में अठवाड़ मेले का आयोजन किया गया था। सोमवार रात से मंगलवार तक देव पूजा का क्रम चलता रहा। इस दौरान नंदादेवी सहित विभिन्न देवी-देवताओं के पश्वाओं ने नृत्य कर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया।

ग्राम प्रधान प्रेम सिंह बिष्ट, खिलाप सिंह, नंदन सिंह, देव सिंह और प्रमोद सिंह सहित ग्रामीणों ने मंगलवार को डोली को अगले पड़ाव के लिए विदा किया। यात्रा दोपहर करीब साढ़े बारह बजे काण्डे गांव पहुंची, जहां देवी पूजन के तहत आयोजित सोलपाती मेले में शामिल हुई। इसके बाद डोली लब्बू गांव होते हुए पिलखड़ा स्थित नंदा देवी मंदिर पहुंची, जहां दो दिवसीय राजकीय राजराजेश्वरी संस्कृति संरक्षण मेला आयोजित किया गया।
पिलखड़ा में मेला समिति अध्यक्ष महावीर बिष्ट, हाट कल्याणी वार्ड की जिला पंचायत सदस्य उर्मिला बिष्ट, ल्वाणी की ग्राम प्रधान मीना देवी, युवक मंगल दल अध्यक्ष दीपक बिष्ट, भूपेंद्र बिष्ट भुप्पी और पूर्व प्रधान महिपाल बिष्ट सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने डोली की अगवानी की। पूजा-अर्चना के बाद यात्रा ल्वाणी, बगड़ीगाड़ और हरनी होते हुए अपने 12वें पड़ाव मुंदोली पहुंची।
इधर, दशोली और बण्ड की नंदा डोलियों के साथ विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी जात में शामिल छंतोलियां मंगलवार को कनोल में ही रुकी रहीं। सोमवार देर शाम ल्वाणी से आई ज्वालपा देवी की डोली का यहां अन्य देव डोलियों से मिलन हुआ। कनोल में 12 वर्ष बाद नंदा भगवती की विशेष पूजा आयोजित की गई, जिसमें नंदानगर क्षेत्र सहित चमोली जिले, उत्तराखंड के विभिन्न हिस्सों और दूसरे राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
बड़ी जात आयोजन समिति के अध्यक्ष पूर्व कर्नल हरेंद्र सिंह रावत और मंदिर समिति कुरूड़ के अध्यक्ष सुखबीर सिंह रौतेला ने बताया कि कनोल में नंदा दर्शन के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ अभूतपूर्व रही। बुधवार को लाटू धाम वांण में बधाण, दशोली और बण्ड की नंदा देवियों के साथ ल्वाणी से आई ज्वालपा देवी का मिलन होगा। इस भावपूर्ण मिलन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है।
