यूजेवीएनएल मुख्यालय में स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित

देहरादून, 16 सितम्बर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस के अवसर पर यूजेवीएन लिमिटेड के मुख्यालय ‘उज्ज्वल’ में मंगलवार को अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में सौ से अधिक कार्मिकों ने स्वास्थ्य जांच कराई।
यूजेवीएन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने बताया कि शिविर का उद्देश्य कार्मिकों को नियमित स्वास्थ्य जांच, बीमारियों की समय पर पहचान और निवारक स्वास्थ्य देखभाल के प्रति जागरूक करना था। महिला कर्मचारियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए स्त्री रोग संबंधी जांच और विशेषज्ञ परामर्श की विशेष व्यवस्था की गई।
अल्ट्रस हेल्थ केयर, देहरादून के चिकित्सकों ने शिविर में विभिन्न जांच कीं। फिजिशियन डॉ. नितनव भटनागर और स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अनुषा के. रवि ने कर्मचारियों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया। शिविर में लीवर फाइब्रोसिस एवं वसा की जांच के लिए फाइब्रो स्कैन, अस्थि खनिज घनत्व, श्वसन क्षमता, रक्त शर्करा और रक्तचाप की जांच की गई।
स्वास्थ्य परिचर्चा में महिलाओं के स्वास्थ्य, हार्मोन संबंधी समस्याओं, नियमित जांच, हृदय रोग से बचाव तथा रक्तचाप, रक्त शर्करा और कोलेस्ट्रॉल के नियंत्रण पर जानकारी दी गई। चिकित्सकों ने संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच की आवश्यकता बताई।
शिविर में अधिशासी निदेशक आशीष जैन, महाप्रबंधक राजेश मैखुरी, उपमहाप्रबंधक बबीता कोहली और अधिशासी अभियंता नवीन जोशी सहित निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
