Front Page

वायुसेना के सार्जेंट आशीष जुयाल का आकस्मिक निधन, सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट-
थराली, 17 सितम्बर। विकासखंड देवाल के कोठी गांव निवासी एवं भारतीय वायुसेना में सेवारत 36 वर्षीय सार्जेंट आशीष जुयाल का दिल्ली में आकस्मिक निधन हो गया। उनके पार्थिव शरीर का पैतृक गांव कोठी के निकट पिंडर नदी तट स्थित श्मशान घाट पर पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंचे।
कोठी गांव निवासी सार्जेंट आशीष जुयाल पुत्र स्वर्गीय शंभू प्रसाद जुयाल का मंगलवार देर शाम दिल्ली के आर्मी अस्पताल में निधन हो गया था। वायुसेना का दल उनके पार्थिव शरीर को लेकर कोठी पहुंचा। पार्थिव शरीर के घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव का माहौल गमगीन हो गया।
वायुसेना के जवानों ने सार्जेंट जुयाल को सलामी देकर श्रद्धांजलि अर्पित की। थराली विधायक भूपाल राम टम्टा सहित जनप्रतिनिधियों और क्षेत्र के लोगों ने पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी।
इसके बाद सार्जेंट जुयाल के आवास से अंतिम यात्रा निकाली गई। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण और क्षेत्रवासी शामिल हुए। इस दौरान ‘आशीष अमर रहें’ के नारों के बीच उन्हें अंतिम विदाई दी गई। पिंडर नदी तट स्थित श्मशान घाट पहुंचने पर वायुसेना के जवानों ने अंतिम सलामी दी, जिसके बाद परिजनों ने पार्थिव शरीर को मुखाग्नि दी।
सार्जेंट आशीष जुयाल तीन बहनों के इकलौते भाई थे। उनके आकस्मिक निधन से मां, पत्नी और तीनों बहनें गहरे सदमे में हैं। वह अपने पीछे एक छोटी बेटी छोड़ गए हैं।
कोठी की ग्राम प्रधान लक्ष्मी देवी, पूर्व प्रधान पुष्कर सिंह बिष्ट, नंदा बल्लभ जुयाल, पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख हरेंद्र कोटेड़ी सहित अनेक जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने सार्जेंट आशीष जुयाल के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!