सैनिकों के लिए विशेष योजना लाएगा चमोली जिला सहकारी बैंक
सकल लाभ में प्रदेश में अव्वल, एनपीए घटाना प्राथमिकता : गजेंद्र रावत
गोपेश्वर, 21 सितम्बर (महिपाल गुसाईं)। चमोली जिला सहकारी बैंक के नवनिर्वाचित अध्यक्ष गजेंद्र सिंह रावत ने कहा कि बैंक सैनिकों के लिए विशेष योजना शुरू करेगा। योजना का खाका तैयार किया जा रहा है और इसे शीघ्र लागू किया जाएगा। उन्होंने बैंक का एनपीए न्यूनतम स्तर पर लाने और ग्राहकों को बेहतर बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने को अपनी प्रमुख प्राथमिकता बताया।
लगातार दूसरी बार बैंक के अध्यक्ष चुने गए रावत कार्यभार संभालने के बाद सोमवार को पहली बार मीडिया से मुखातिब हुए। बैंक के प्रधान कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने बैंक की प्रगति रिपोर्ट साझा करते हुए अपने निर्वाचन के लिए सभी संबंधित लोगों का आभार जताया।
रावत ने बताया कि सात वर्ष पहले बैंक की नेटवर्थ पांच हजार करोड़ थी, जो अब बढ़कर 15 हजार करोड़ को पार कर गई है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2020-21 में बैंक का एनपीए 42.55 करोड़ रुपये था, जो वर्ष 2025-26 में घटकर 30.37 करोड़ रुपये रह गया है। अब इसे और कम करने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने बताया कि सकल लाभ अर्जित करने के मामले में चमोली जिला सहकारी बैंक प्रदेश में पहले स्थान पर रहा है। बैंक का रिटर्न ऑन एसेट 1.33 प्रतिशत है। पिछले वित्त वर्ष में बैंक ने 32.97 करोड़ रुपये का कुल लाभ अर्जित किया, जबकि शुद्ध लाभ 22.57 करोड़ रुपये रहा। आने वाले वर्षों में बैंक के वित्तीय प्रदर्शन को और बेहतर बनाने के प्रयास किए जाएंगे।
रावत के अनुसार वर्तमान में बैंक के दो लाख 16 हजार से अधिक ग्राहक हैं। बैंक का प्रयास समाज के अंतिम व्यक्ति तक बैंकिंग सुविधाएं पहुंचाना है। दीनदयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना के तहत भी बैंक ने किसानों, महिलाओं और युवाओं को 186.76 करोड़ रुपये के ऋण उपलब्ध कराए हैं। उन्होंने कहा कि इन ऋणों से लाभार्थियों को स्वरोजगार और रोजगार सृजन में मदद मिली है।
उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में लोगों के घर-द्वार तक बैंकिंग सुविधाएं पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। चारधाम यात्रा मार्ग सहित दूरस्थ क्षेत्रों में ग्राहकों और श्रद्धालुओं को मोबाइल एटीएम के माध्यम से सेवाएं दी जा रही हैं। वर्तमान में बैंक के दो मोबाइल एटीएम संचालित हैं।
रावत ने लोगों से सहकारी बैंक की सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि बैंक ग्राहकों को व्यावसायिक बैंकों के मुकाबले बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास करेगा।
पत्रकार वार्ता में बैंक के महाप्रबंधक एवं सचिव सूर्यप्रकाश और उप महाप्रबंधक विश्वविजय सिंह भी मौजूद रहे।
