आरटीआई पर वाद-विवाद में शिखा जोशी प्रथम
थराली, 21 सितम्बर (हरेन्द्र बिष्ट)। राजकीय महाविद्यालय तलवाड़ी-थराली में डॉ. आरएस टोलिया राज्य स्तरीय सूचना का अधिकार अधिनियम वाद-विवाद प्रतियोगिता-2026 के तहत ‘सूचना का अधिकार @21 : कानून में सुधार या उसके क्रियान्वयन को सुदृढ़ करना’ विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में बीएससी पंचम सेमेस्टर की शिखा जोशी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में बीएससी पंचम सेमेस्टर की रेनुका ने द्वितीय तथा बीए तृतीय सेमेस्टर की अनमोल जोशी ने तृतीय स्थान हासिल किया। निर्णायक मंडल में राजनीति विज्ञान विभाग के मनोज कुमार, भौतिक विज्ञान विभाग की डॉ. नीतू पांडे और इतिहास विभाग के अनुज कुमार शामिल रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सेराज मोहम्मद ने विजेता प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि समय और परिस्थितियों के अनुरूप सूचना का अधिकार कानून में आवश्यक सुधार किए जाने चाहिए। सरकारी कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने के उद्देश्य से यह कानून लागू किया गया था, इसलिए इसके प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
राजनीति विज्ञान विभाग के डॉ. ललित जोशी ने कहा कि सूचना का अधिकार अधिनियम के माध्यम से अब तक भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के अनेक मामलों का खुलासा हुआ है। उन्होंने कहा कि सूचना के अधिकार के लिए सक्रिय रहे कई कार्यकर्ताओं को गंभीर चुनौतियों का सामना करना पड़ा और कुछ को अपनी जान तक गंवानी पड़ी।
प्रतियोगिता का संचालन गणित विभाग की डॉ. सुधा राना ने किया। इस अवसर पर डॉ. स्मिता तिवारी, डॉ. अनुराधा बिष्ट, डॉ. प्रतिभा आर्य, डॉ. खेमकरण सोमन, रजनी नेगी, डॉ. पुष्पा रानी, डॉ. सुनील कुमार, रजनीश कुमार, डॉ. कमलेश कुमार, डॉ. जमशेद अंसारी, नरेंद्र सिंह फर्त्याल, थान सिंह, महिपाल शाह, हुकुम सिंह रावत, धीरेंद्र नेगी, नीतीश कुमार, दीपा रावत, प्रियंका, चंद्रशेखर, हेमंती, साक्षी, हेमा, आरती और कमलेश सोलियाल सहित शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
