आपदा/दुर्घटना

पिंडर नदी में पूर्व सैनिक का शव मिला, कैंटीन के लिए निकला था घर से

थराली, 9 अक्टूबर (हरेंद्र बिष्ट)। थराली विकासखंड के कुलसारी में शुक्रवार को पिंडर नदी से गढ़वाल राइफल्स के एक पूर्व सैनिक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान देवाल विकासखंड के देवसारी गांव निवासी 59 वर्षीय सुदर्शन सिंह गड़िया पुत्र गोविंद सिंह गड़िया के रूप में हुई है। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद नदी से शव निकालकर पोस्टमार्टम के लिए कर्णप्रयाग भेज दिया है। मौत के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।
शुक्रवार को कुलसारी झूला पुल के समीप पिंडर नदी में ग्रामीणों को एक शव दिखाई दिया। इसकी सूचना तत्काल थराली थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक लक्ष्मण सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। नदी के बीचोंबीच फंसे शव को निकालने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

शव को नदी से बाहर निकालने के बाद उसकी शिनाख्त के प्रयास किए गए। काफी देर बाद मृतक की पहचान गढ़वाल राइफल्स के पूर्व सैनिक सुदर्शन सिंह गड़िया के रूप में हुई। पुलिस ने इसकी सूचना परिजनों को दी और पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए उप जिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग भेज दिया।
परिजनों के अनुसार सुदर्शन सिंह गड़िया गुरुवार सुबह अपने ग्वालदम स्थित आवास से थराली की सैनिक कैंटीन जाने की बात कहकर निकले थे। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं मिला। शुक्रवार को उनका शव पिंडर नदी में मिलने से परिजनों में शोक छा गया।
पुलिस के अनुसार मौत की परिस्थितियां अभी स्पष्ट नहीं हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!