मूसलाधार बारिश से औली नाला क्षतिग्रस्त, ज्योतिर्मठ के नोग मोहल्ले में घरों में घुसा मलबा
नाले की समय पर मरम्मत नहीं होने से बढ़ा खतरा, प्रभावित परिवारों ने स्थायी उपचार की मांग की

ज्योतिर्मठ, 9 अक्टूबर (कपरुवाण)। शुक्रवार तड़के हुई मूसलाधार बारिश से ज्योतिर्मठ नगर के नोग मोहल्ले में भारी नुकसान हुआ। औली से होकर बहने वाला नाला तेज बहाव के कारण क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे पानी और मलबा आसपास के घरों तथा गौशालाओं में घुस गया। प्रभावित परिवारों ने नाले की तत्काल मरम्मत और स्थायी सुरक्षा उपाय किए जाने की मांग की है।
शुक्रवार सुबह करीब चार बजे से जोशीमठ क्षेत्र में बिजली की तेज गड़गड़ाहट के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हुई। करीब छह बजे औली नाला उफान पर आ गया। नोग मोहल्ले के ठीक ऊपर नाले का एक हिस्सा धंसने से पानी का बहाव बस्ती की ओर मुड़ गया। तेज बहाव के साथ आसपास के खेतों की मिट्टी और मलबा भी बहकर आवासीय क्षेत्र में पहुंच गया।
नोग मोहल्ले में राजेंद्र प्रसाद रतूड़ी और कमल रतूड़ी के घरों, आंगनों तथा गौशालाओं में बड़ी मात्रा में मलबा जमा हो गया। घटना की सूचना मिलने पर राजस्व विभाग और नगर पालिका की टीमें मौके पर पहुंचीं। टीमों ने क्षतिग्रस्त नाले का निरीक्षण करने के साथ प्रभावित घरों में हुए नुकसान का आकलन किया।
जोशीमठ बचाओ संघर्ष समिति के प्रवक्ता एवं प्रभावित निवासी कमल रतूड़ी ने बताया कि नोग मोहल्ले के ऊपर औली से आने वाले नाले का निर्माण नगर पालिका ने कराया था। नाले की क्षतिग्रस्त स्थिति के संबंध में उन्होंने पहले ही नगर पालिका को अवगत करा दिया था, लेकिन समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई।
रतूड़ी ने आरोप लगाया कि समय पर सुरक्षात्मक कार्य किए गए होते तो नुकसान से बचा जा सकता था। उन्होंने चेतावनी दी कि नाले का शीघ्र स्थायी उपचार नहीं किया गया तो सामान्य बारिश में भी मोहल्ले के घरों को नुकसान पहुंच सकता है। उन्होंने प्रशासन और नगर पालिका से नाले की मरम्मत तथा प्रभावित परिवारों की सुरक्षा के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

