आपदा/दुर्घटनामौसम

भारी बारिश से थराली और देवाल में जनजीवन प्रभावित, गमलीगाड़ में सड़क बंद

गमलीगाड़ में भारी मलबा आने से यातायात ठप, सड़क के दोनों ओर फंसे वाहन

थराली, 9 अक्टूबर (हरेंद्र बिष्ट)। शुक्रवार दोपहर थराली और देवाल विकासखंडों में हुई मूसलाधार बारिश से सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। भारी बारिश के कारण थराली-देवाल-वांण मार्ग पर गमलीगाड़ में भारी मलबा आने से यातायात ठप हो गया। सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में वाहन फंस गए, जिससे यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे थराली और देवाल क्षेत्र में अचानक मौसम ने करवट ली। आसमान में घने बादल छाने के बाद करीब डेढ़ बजे मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। बारिश की तीव्रता बढ़ने से क्षेत्र में सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ।
देवाल विकासखंड के अंतर्गत देवाल-मंदोली-वांण मोटर मार्ग पर गमलीगाड़ के भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र में पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा सड़क पर आ गिरा। इससे मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया और कई वाहन रास्ते में फंस गए। सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं।
इसके अलावा क्षेत्र की अन्य सड़कों पर भी बारिश के कारण मलबा आने से यातायात प्रभावित हुआ। अचानक हुई तेज बारिश और सड़कों के अवरुद्ध होने से स्थानीय लोगों तथा यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!