राजनीति

कुमारी शैलजा के थराली दौरे से कांग्रेस में हलचल तेज, टिकट के दावेदार सक्रिय

 

21 नवंबर को रैली के जरिए शक्ति प्रदर्शन करेगी कांग्रेस, प्रदेश के कई दिग्गज नेताओं के पहुंचने की संभावना

 

थराली, 19 नवंबर ( हरेन्द्र बिष्ट)। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव, सांसद एवं उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा के आगामी 21 नवंबर को प्रस्तावित थराली विधानसभा क्षेत्र के दौरे को लेकर कांग्रेसियों में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। प्रदेश प्रभारी के दौरे को आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। विशेष रूप से थराली विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ने के इच्छुक नेताओं की सक्रियता बढ़ गई है। संभावित दावेदार प्रदेश प्रभारी एवं पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के सामने अपना राजनीतिक प्रभाव और जनाधार प्रदर्शित करने की तैयारियों में जुट गए हैं।

चमोली जिले की अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित थराली विधानसभा सीट पर कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी का यह दौरा राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कुमारी शैलजा 21 नवंबर को बागेश्वर जिले के पर्यटन स्थल कौसानी से गरुड़ होते हुए चमोली जिले के ग्वालदम पहुंचेंगी। यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद उनका काफिला ग्वालदम से तलवाड़ी, थाला और लोल्टी होते हुए तहसील मुख्यालय थराली पहुंचेगा।

थराली में कुमारी शैलजा कांग्रेस की प्रस्तावित रैली में शामिल होंगी। इस रैली के माध्यम से पार्टी अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन करने की तैयारी कर रही है। रैली के बाद ब्लॉक कांग्रेस कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की जाएगी। माना जा रहा है कि इस बैठक में प्रदेश प्रभारी थराली के साथ ही कर्णप्रयाग और बदरीनाथ विधानसभा क्षेत्रों की राजनीतिक परिस्थितियों तथा संगठन की स्थिति के संबंध में जिला स्तरीय पदाधिकारियों से फीडबैक लेंगी।

बैठक में आगामी विधानसभा चुनावों की रणनीति, संगठन को मजबूत बनाने, जनाधार बढ़ाने तथा संभावित जिताऊ उम्मीदवारों के चयन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा होने की संभावना है। प्रदेश प्रभारी स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद कर जमीनी राजनीतिक परिस्थितियों का आकलन कर सकती हैं।

प्रदेश प्रभारी के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए शुक्रवार से ही थराली और ग्वालदम में कांग्रेस के प्रदेश स्तरीय नेताओं का जमावड़ा लगने की संभावना है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी थराली के अध्यक्ष विनोद रावत ने बताया कि अब तक मिली जानकारी के अनुसार 20 और 21 नवंबर को पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत सहित कई अन्य वरिष्ठ नेता थराली पहुंच सकते हैं। हालांकि इन नेताओं की उपस्थिति की अंतिम पुष्टि होना अभी बाकी है।

विनोद रावत के अनुसार थराली में प्रस्तावित विशाल रैली के बाद ब्लॉक कांग्रेस कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों एवं आम कार्यकर्ताओं की बैठक होगी। इसमें प्रदेश प्रभारी सहित अन्य वरिष्ठ नेता कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद करेंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए स्थानीय स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

इधर, प्रदेश प्रभारी के दौरे को लेकर सामान्य कार्यकर्ताओं की अपेक्षा आगामी विधानसभा चुनाव में टिकट की दावेदारी करने वाले नेताओं में अधिक सक्रियता दिखाई दे रही है। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि संभावित दावेदार इस दौरे को अपने राजनीतिक भविष्य के लिए महत्वपूर्ण अवसर मान रहे हैं। ऐसे में 21 नवंबर की रैली कांग्रेस के सामूहिक शक्ति प्रदर्शन के साथ-साथ टिकट के दावेदारों के व्यक्तिगत जनाधार के प्रदर्शन का मंच भी बन सकती है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार टिकट की दावेदारी करने वाले नेता अपने समर्थकों और निकट सहयोगियों के साथ लगातार विचार-विमर्श कर रहे हैं। प्रस्तावित रैली में अधिकाधिक समर्थकों को जुटाकर वे प्रदेश प्रभारी और वरिष्ठ नेतृत्व के सामने अपनी राजनीतिक पकड़ साबित करने का प्रयास कर सकते हैं। माना जा रहा है कि रैली में जुटने वाली भीड़ और विभिन्न नेताओं के समर्थकों की सक्रियता से क्षेत्र में उनकी राजनीतिक स्थिति का भी कुछ हद तक आकलन हो सकेगा।

उल्लेखनीय है कि लंबे अंतराल के बाद पिंडर घाटी में कांग्रेस के राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तरीय वरिष्ठ नेताओं का इतना बड़ा राजनीतिक कार्यक्रम प्रस्तावित है। इससे स्थानीय कांग्रेस संगठन में नई सक्रियता दिखाई दे रही है। वहीं, आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर पार्टी के भीतर टिकट की दावेदारी और संभावित राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाएं भी तेज हो गई हैं।

फिलहाल सभी की निगाहें 21 नवंबर की प्रस्तावित रैली और उसके बाद होने वाली संगठनात्मक बैठक पर टिकी हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कि कांग्रेस का यह शक्ति प्रदर्शन संगठन को एकजुट करने में कितना सफल रहता है और प्रदेश प्रभारी के सामने टिकट के संभावित दावेदार अपने राजनीतिक प्रभाव का किस तरह प्रदर्शन करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!