राजकीय पॉलिटेक्निक कुलसारी में करियर काउंसलिंग कार्यक्रम, विद्यार्थियों को बताए सफलता के गुर
तकनीकी शिक्षा के साथ भाषायी दक्षता भी जरूरी : धर्म सिंह फर्स्वाण
थराली, 19 नवंबर (हरेन्द्र बिष्ट)। बहुभाषाविद्, लेखक, समाजसेवी एवं शिक्षाविद् धर्म सिंह फर्स्वाण ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक युग में तकनीकी शिक्षा के साथ भाषायी दक्षता भी युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और बेहतर करियर निर्माण के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को विभिन्न भाषाओं का ज्ञान अर्जित करने के साथ ही नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन और आत्मअनुशासन को जीवन में अपनाने की सलाह दी।
राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज कुलसारी में आयोजित विशेष करियर काउंसलिंग एवं शैक्षिक मार्गदर्शन कार्यक्रम में चमोली जिले के शिक्षाविद् धर्म सिंह फर्स्वाण ने विद्यार्थियों को विभिन्न भाषाएं सीखने की उपयोगी तकनीकों, उनके व्यावहारिक महत्व और रोजगार की संभावनाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने हिंदी, अंग्रेजी, फ्रेंच और जर्मन भाषाओं के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान युग वैश्वीकरण, तकनीकी विकास और अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा का है। ऐसे में तकनीकी शिक्षा के साथ अतिरिक्त भाषायी कौशल युवाओं के व्यक्तित्व विकास और करियर निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
फर्स्वाण ने कहा कि फ्रेंच, जर्मन सहित अन्य विदेशी भाषाओं का ज्ञान प्राप्त कर उत्तराखंड के विद्यार्थी बहुराष्ट्रीय कंपनियों, अंतरराष्ट्रीय संगठनों, पर्यटन, अनुवाद, शिक्षा और आतिथ्य सत्कार जैसे क्षेत्रों में रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त कर सकते हैं। विदेशी भाषाओं का ज्ञान स्वरोजगार की संभावनाओं को भी बढ़ाता है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी तकनीकी योग्यता के साथ भाषायी दक्षता विकसित करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि दृढ़ इच्छाशक्ति, आत्मविश्वास और नियमित अभ्यास से किसी भी भाषा को सीखा जा सकता है।
इस अवसर पर उन्होंने प्रभावी अध्ययन पद्धतियों, समय प्रबंधन, नियमित अभ्यास, आत्मअनुशासन तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में पुस्तकों की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों का लक्ष्य केवल परीक्षाओं में अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि निरंतर ज्ञान अर्जित कर अपनी सोच, समझ और व्यक्तित्व का बहुआयामी विकास करना होना चाहिए।
फर्स्वाण ने विद्यार्थियों को डिजिटल माध्यमों पर अत्यधिक निर्भरता कम करने तथा ई-पुस्तकों के साथ पारंपरिक पुस्तकों को भी अपने अध्ययन का हिस्सा बनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि नियमित पुस्तक अध्ययन से ज्ञान, शब्दावली, एकाग्रता, कल्पनाशक्ति और अभिव्यक्ति क्षमता का विकास होता है। पुस्तकों के अध्ययन से विद्यार्थियों में स्वतंत्र चिंतन और विश्लेषण की क्षमता भी बढ़ती है।
कार्यक्रम में कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. महेंद्र टम्टा ने धर्म सिंह फर्स्वाण का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के मार्गदर्शन कार्यक्रम विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास, आत्मविश्वास और भविष्य के करियर निर्माण में उपयोगी साबित होते हैं। उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों के लिए विभिन्न भाषाओं का ज्ञान रोजगार के नए अवसर खोल सकता है। इस अवसर पर कॉलेज के अन्य शिक्षकों ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

