क्षेत्रीय समाचार

देवाल में चमोली जिले के पहले वृहद ऋण वितरण मेले का आयोजन, 25 लाख के ऋण चेक वितरित

 

किसानों की आर्थिक मजबूती के लिए सरकार प्रतिबद्ध : भूपाल राम टम्टा

— हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट —

थराली/देवाल, 19 नवंबर। चमोली जिले के पहले वृहद ऋण वितरण मेले का उद्घाटन करते हुए थराली के विधायक भूपाल राम टम्टा ने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। केंद्र और राज्य सरकार किसानों के आर्थिक उत्थान के लिए हरसंभव प्रयास कर रही हैं। उन्होंने किसानों से सरकारी योजनाओं और सहकारी बैंकों की ऋण सुविधाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की। एक दिवसीय मेले में किसानों और स्वयं सहायता समूहों को करीब 25 लाख रुपये के ऋण चेक वितरित किए गए।

देवाल विकासखंड सभागार में आयोजित ऋण वितरण मेले का उद्घाटन विधायक भूपाल राम टम्टा ने किया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार किसानों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही हैं। इन योजनाओं के माध्यम से दूरस्थ गांवों के जरूरतमंद किसानों को कृषि विकास के लिए अल्पकालिक एवं मध्यकालीन ऋण आसानी से उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इससे किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होने के साथ ही ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी गति मिल रही है। विधायक ने जिले के पहले वृहद ऋण वितरण मेले के आयोजन के लिए देवाल का चयन किए जाने पर बैंक प्रबंधन का आभार व्यक्त किया।

मेले की अध्यक्षता करते हुए चमोली जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष गजेंद्र सिंह रावत ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग से बैंक किसानों, महिलाओं और युवाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और उन्हें लखपति दीदी बनाने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बैंक अब तक शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर करीब 293 लाख रुपये के ऋण वितरित कर चुका है। अकेले देवाल विकासखंड में करीब दो करोड़ रुपये का ऋण वितरण किया गया है। उन्होंने कहा कि बैंक का उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाने के साथ ही युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।

बैंक के महाप्रबंधक सूर्य प्रकाश ने बैंक की गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि चमोली जिले में सहकारी बैंक के करीब ढाई लाख खाताधारक हैं। बैंक की कुल जमा पूंजी लगभग 1600 करोड़ रुपये है। उन्होंने बताया कि बैंक द्वारा 60 करोड़ रुपये से अधिक के ऋण वितरित किए गए हैं, जबकि पिछली दीपावली के दौरान ही 14 करोड़ 50 लाख रुपये का ऋण वितरण किया गया।

महाप्रबंधक ने बताया कि जिले में बैंक की 34 शाखाएं संचालित हैं। जनसहयोग और बेहतर बैंकिंग सेवाओं के कारण चमोली जिला सहकारी बैंक ने सहकारी बैंकिंग क्षेत्र में पहला स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि बैंक अब सहकारी समितियों के माध्यम से बिजली बिल और जीवन बीमा निगम की किस्तों के भुगतान जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध करा रहा है। इसके अलावा उन्होंने किसानों, महिलाओं और स्वरोजगार से जुड़े लोगों के लिए संचालित विभिन्न ऋण योजनाओं की जानकारी दी।

इस अवसर पर देवाल के ब्लॉक प्रमुख ने अतिथियों, पंचायत प्रतिनिधियों और किसानों का स्वागत करते हुए जिले के पहले वृहद ऋण वितरण मेले का आयोजन देवाल में किए जाने पर बैंक प्रबंधन का आभार व्यक्त किया। बैंक के देवाल शाखा प्रबंधक मुकेश पाठक ने भी बैंक की विभिन्न योजनाओं और ऋण सुविधाओं की जानकारी दी।

मेले में लक्ष्मी स्वयं सहायता समिति देवाल सहित अन्य किसानों और लाभार्थियों को करीब 25 लाख रुपये के ऋण चेक वितरित किए गए।

इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष उमेश मिश्रा, महामंत्री नरेंद्र बागड़ी, दर्शन दानू, युवा मोर्चा अध्यक्ष विनायक मिश्रा, किसान मोर्चा अध्यक्ष धर्मेंद्र बिष्ट, विधायक प्रतिनिधि सुरेंद्र बिष्ट, सांसद प्रतिनिधि नरेंद्र बिष्ट, गणेश मिश्रा, सहकारी समिति देवाल के अध्यक्ष पवन मिश्रा, पूर्व अध्यक्ष आलम सिंह बिष्ट, नरेंद्र दानू, गब्बर सिंह, लखन रावत, ग्राम प्रधान कविता मिश्रा, प्रेम सिंह बिष्ट, आलम राम, कलावती देवी, खंड विकास अधिकारी जयदीप बेरवाण, सहकारी समिति के सचिव विपिन मिश्रा और राजेंद्र गड़िया सहित बड़ी संख्या में पंचायत प्रतिनिधि, किसान एवं बैंक अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!