Front Page

गौचर मेले में पूर्व सैनिक सम्मेलन आयोजित, वीर नारियों और पूर्व सैनिकों को किया सम्मानित

 

गौचर, 19 नवंबर (दिग्पाल गुसाईं)। राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले के अंतर्गत आयोजित पूर्व सैनिक सम्मेलन में पूर्व सैनिकों और सैनिक विधवाओं ने अपनी विभिन्न समस्याओं से सेना के अधिकारियों को अवगत कराया। इस अवसर पर सेना की ओर से पूर्व सैनिकों और वीर नारियों को सम्मानित करने के साथ ही उनकी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया गया।

मेला मंच पर ज्योतिर्मठ में तैनात नाइन ब्रिगेड और रुद्रप्रयाग स्थित आठ सिखलाई के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सम्मेलन में चमोली और रुद्रप्रयाग जिलों के बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों तथा सैनिक विधवाओं ने भाग लिया। सम्मेलन में पूर्व सैनिकों ने पेंशन, अभिलेखों और अन्य समस्याओं को उठाते हुए कहा कि लंबे समय से विभिन्न परेशानियों का सामना करने के बावजूद उनकी समस्याओं का अपेक्षित समाधान नहीं हो पा रहा है।

इस अवसर पर लैंसडाउन स्थित रिकॉर्ड कार्यालय के अधिकारियों ने पूर्व सैनिकों के सेवा संबंधी दस्तावेजों की जांच की और उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी दी। सम्मेलन के दौरान आयोजित चिकित्सा शिविर में पूर्व सैनिकों और सैनिक विधवाओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।

कार्यक्रम में रानीगढ़ गौरव सेनानी संगठन के 11 पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया गया। संगठन के अध्यक्ष वीरपाल नेगी ने पूर्व सैनिकों के सम्मान और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए किए गए प्रयासों पर नाइन ब्रिगेड तथा आठ सिखलाई के अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।

सम्मेलन में सुरेंद्र सिंह कनवासी सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, वीर नारियां और सेना के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!