क्षेत्रीय समाचार

कुमारी शैलजा के थराली दौरे की तैयारियों में जुटी कांग्रेस, देवाल और थराली में हुई बैठकें

थराली, 19 नवंबर (हरेन्द्र बिष्ट)। कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा के 21 नवंबर को प्रस्तावित थराली विधानसभा क्षेत्र के दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस सिलसिले में देवाल और थराली में आयोजित बैठकों में कार्यक्रम की रूपरेखा तय करने के साथ ही अधिकाधिक कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

बुधवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुरेश डिमरी और विधानसभा प्रभारी वीरेंद्र सिंह थोकदार ने देवाल एवं थराली में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठकें लीं। इस दौरान बताया गया कि 21 नवंबर को कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा के साथ प्रदेश नेतृत्व के कई वरिष्ठ पदाधिकारी भी थराली पहुंचेंगे। बैठकों में वरिष्ठ नेताओं के स्वागत, कार्यकर्ता सम्मेलन, रैली और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश प्रभारी का दौरा संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं में नया उत्साह पैदा करने का अवसर है। इसके लिए सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर कार्यक्रम को सफल बनाना होगा। साथ ही कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा में विश्वास रखने वाले अधिकाधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने के प्रयास करने होंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रदेश प्रभारी और वरिष्ठ नेताओं के भ्रमण एवं जनसंपर्क से क्षेत्र में कांग्रेस को राजनीतिक लाभ मिलेगा।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुरेश डिमरी ने पदाधिकारियों से कार्यक्रम से पहले सभी तैयारियां पूरी करने और व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

देवाल में पूर्वाह्न 11 बजे ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कमल सिंह गड़िया की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पूर्व विधायक डॉ. जीत राम, प्रदेश सचिव संदीप कुमार, पूर्व प्रमुख डीडी कुनियाल, पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख मोहन राम, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष इंद्र सिंह राणा, वरिष्ठ नेता गोविंद सिंह पांगती, महावीर बिष्ट, धर्म सिंह कोटेड़ी, राकेश मिश्रा, युवा कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप दानू, महिला कांग्रेस अध्यक्ष राधा देवी, पुष्पा नेगी और बख्तावर सिंह सहित कई पदाधिकारियों ने विचार व्यक्त किए।

इसके बाद दोपहर में थराली में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विनोद रावत की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इसमें प्रस्तावित कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपने और व्यापक जनसंपर्क करने पर जोर दिया गया। बैठक में बताया गया कि 21 नवंबर को थराली के ब्लॉक सभागार में कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की जाएगी। इसके अलावा थराली बाजार में रैली भी निकाली जाएगी।

इस अवसर पर थराली की ब्लॉक प्रमुख प्रवीण पुरोहित, नगर पंचायत अध्यक्ष सुनीता रावत, कांग्रेस नगर अध्यक्ष अब्बल सिंह गुसाईं, महामंत्री राजा चौहान, ओपी सोनियाल, प्रधान संघ अध्यक्ष राजेंद्र रावत और महिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपा पटवाल सहित अन्य पदाधिकारियों ने विचार व्यक्त किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!