40 वर्षों बाद हो रहा लाता नन्दा राणी देवरा का आयोजन, पूरे पैनखंडा में उत्साह
सलूड़-डुंग्रा में चार दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान, जागर गायन और पारंपरिक मुखौटा नृत्य होंगे मुख्य आकर्षण

— प्रकाश कपरुवाण —
पैनखंडा-ज्योतिर्मठ, 19 नवंबर। करीब 40 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद आयोजित हो रहे सिद्धपीठ लाता भगवती नन्दा राणी देवरा को लेकर पूरे पैनखंडा क्षेत्र में धार्मिक उत्सव का वातावरण बना हुआ है। इस ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन के अंतर्गत 18 से 21 नवंबर तक विश्व सांस्कृतिक धरोहर रम्माण की धरती सलूड़-डुंग्रा में विशेष अनुष्ठान आयोजित किए जा रहे हैं। इस दौरान पारंपरिक जागर गायन, मुखौटा नृत्य और विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
निर्धारित धार्मिक कार्यक्रम के अनुसार 16 नवंबर को संक्रांति के अवसर पर माता नन्दा देवी अपने गर्भगृह से देवरा यात्रा के लिए बाहर निकलीं। विधिवत पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों के बाद यात्रा पहले पड़ाव सुभाईं गांव पहुंची, जहां ग्रामीणों ने माता नन्दा का भव्य स्वागत किया। रात्रि में पारंपरिक जागर गायन के साथ मुखौटा नृत्य का आयोजन किया गया।
मंगलवार को देवरा यात्रा सुभाईं गांव से दूसरे पड़ाव बड़ागांव के लिए रवाना हुई। मार्ग में रिंगी, तपोवन और ढाक के ग्रामीणों ने माता नन्दा की पूजा-अर्चना कर यात्रा का स्वागत किया। बड़ागांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार माता नन्दा का अभिनंदन किया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। यहां देवभेंट के बाद रातभर जागर गायन और मुखौटा नृत्य के कार्यक्रम आयोजित हुए।
बुधवार देर शाम लाता नन्दा राणी देवरा यात्रा मुख्य धार्मिक आयोजन के लिए रम्माण की धरती सलूड़-डुंग्रा पहुंचने का कार्यक्रम निर्धारित किया गया। यहां चार दिवसीय धार्मिक अनुष्ठानों को लेकर ग्रामीणों में विशेष उत्साह है। यात्रा के रात्रि पड़ाव वाले गांवों सुभाईं और बड़ागांव के देवी-देवता भी अपने पारंपरिक निशाणों के साथ सलूड़-डुंग्रा पहुंचेंगे।
सलूड़-डुंग्रा तथा डुंग्री-बरोसी गांवों के क्षेत्रपाल देवताओं के मंदिर परिसर में पहुंचने पर सबसे पहले पारंपरिक ‘सुप्पा’ कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें ‘कौणी का भात’ और ‘फाफर का लाड़ू’ का भोग अर्पित किया जाएगा। रात्रि में विशेष मुखौटा नृत्य ‘म्वर-म्वरीण’ की प्रस्तुति होगी।
गुरुवार, 19 नवंबर को प्रातः 10 बजे से शाम पांच बजे तक विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों के साथ पारंपरिक मुखौटा नृत्य आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद पूरी रात माता नन्दा के जागर गायन के साथ गोपीचंद-राणी राधिका नृत्य की प्रस्तुति होगी। इसी दिन बड़ागांव और सुभाईं से पहुंचने वाले ग्रामीणों का भंडारी थोक और कुंवर थोक में परंपरागत ढंग से स्वागत किया जाएगा।
शुक्रवार, 20 नवंबर को माता नन्दा देवी के सम्मुख दुर्गा सप्तशती का पाठ होगा। शनिवार, 21 नवंबर को नन्दा अष्टमी का मुख्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके अगले दिन 22 नवंबर की सुबह पारंपरिक ‘फुरचेली’ नृत्य होगा, जिसमें माता नन्दा की ओर से उपस्थित श्रद्धालुओं को पुष्प प्रसाद वितरित किया जाएगा। इसके साथ ही सलूड़-डुंग्रा में चार दिवसीय प्रवास पूरा कर माता नन्दा राणी देवरा यात्रा अगले पड़ाव परसारी गांव के लिए प्रस्थान करेगी।
लाता नन्दा राणी देवरा आयोजन समिति, सलूड़-डुंग्रा-डुंग्री-बरोसी के अध्यक्ष एवं विश्व सांस्कृतिक धरोहर रम्माण के संयोजक डॉ. कुशल भंडारी ने बताया कि लगभग चार दशक बाद हो रहे इस ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन को लेकर केवल सलूड़-डुंग्रा ही नहीं, बल्कि पूरे पैनखंडा क्षेत्र में उत्साह का वातावरण है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ क्षेत्र की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने की दृष्टि से भी यह आयोजन विशेष महत्व रखता है।
डॉ. भंडारी ने बताया कि चार दिवसीय आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालुओं की सुविधा, वाहनों की पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय प्रशासन से संपर्क किया गया है। आयोजन के दौरान भारत-तिब्बत सीमा पुलिस की प्रथम वाहिनी की ओर से चिकित्सा शिविर भी लगाया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

