गढ़वाल विश्वविद्यालय में पांच दिवसीय मशरूम उत्पादन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
मशरूम की खेती से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार और उद्यमिता को मिलेगा बढ़ावा : कुलपति

श्रीनगर (गढ़वाल), 19 नवंबर। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय में आयोजित पांच दिवसीय मशरूम उत्पादन प्रशिक्षण कार्यक्रम के चौथे दिन मशरूम की खेती में अनुसंधान, नवाचार, मूल्य संवर्धन और ग्रामीण उद्यमिता की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. प्रकाश सिंह ने कहा कि मशरूम की खेती ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार और उद्यमिता के नए अवसर उपलब्ध करा सकती है। इससे विशेष रूप से महिलाओं और बेरोजगार युवाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में मदद मिलेगी।
कुलपति ने प्रशिक्षण कार्यक्रम में किसानों, विद्यार्थियों और उद्यमियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि विश्वविद्यालयों में विकसित तकनीकी ज्ञान और अनुसंधान का लाभ ग्रामीण समुदायों तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने ग्रामीण प्रौद्योगिकी विभाग के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान को व्यावहारिक रूप से अपनाने और ऐसे कार्यक्रमों का विस्तार दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर मशरूम से तैयार विभिन्न व्यंजनों पर आधारित पाक-विधि पुस्तिका ‘मशरूत्पाद : घर की रसोई से छोटे उद्योग तक’ का भी उल्लेख किया गया। वक्ताओं ने कहा कि मशरूम का उपयोग केवल सब्जी के रूप में ही नहीं, बल्कि विभिन्न प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद तैयार करने में भी किया जा सकता है। इससे ग्रामीण स्तर पर लघु खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों की स्थापना की संभावनाएं बढ़ सकती हैं।
प्रशिक्षण सत्र में मशरूम उत्पादन के क्षेत्र में अनुसंधान एवं नवाचार के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), डिजिटल प्लेटफॉर्म और मुक्त रूप से उपलब्ध वैज्ञानिक संसाधनों के उपयोग पर भी चर्चा हुई। विशेषज्ञों ने बताया कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता वैज्ञानिक जानकारी जुटाने, शोध कार्यों और नई तकनीकों को समझने में उपयोगी साबित हो सकती है। हालांकि, इसका उपयोग वैज्ञानिक विवेक, मौलिक चिंतन और व्यावहारिक अनुभव के विकल्प के रूप में नहीं किया जाना चाहिए।
विशेषज्ञों ने मशरूम से मिठाई, कुकीज, बर्फी और सूप पाउडर जैसे उत्पाद तैयार करने की संभावनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मशरूम के मूल्य संवर्धन के साथ बेहतर पैकेजिंग, ब्रांडिंग और विपणन व्यवस्था विकसित की जाए तो ग्रामीण उद्यमियों को अपने उत्पादों के लिए व्यापक बाजार उपलब्ध हो सकता है।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि प्रो. मोहन सिंह पंवार ने कहा कि ग्रामीण विकास के लिए स्थानीय संसाधनों का समुचित उपयोग, सामुदायिक सहभागिता और व्यावहारिक प्रशिक्षण अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप रोजगारपरक गतिविधियों को बढ़ावा देकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम संयोजक एवं ग्रामीण प्रौद्योगिकी विभागाध्यक्ष प्रो. आर.एस. नेगी ने बताया कि विभाग अब तक लगभग 400 से 500 लोगों को मशरूम उत्पादन एवं कृषि उद्यमिता का प्रशिक्षण दे चुका है। उन्होंने कहा कि विभाग का प्रमुख उद्देश्य वैज्ञानिक एवं तकनीकी ज्ञान के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान करना और उन्हें स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में महिला सशक्तीकरण, सतत कृषि, जलवायु परिवर्तन और ग्रामीण आजीविका से जुड़े विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने कहा कि मशरूम उत्पादन और प्रसंस्करण को ग्रामीण आजीविका के वैकल्पिक साधन के रूप में विकसित किया जा सकता है। विशेष रूप से महिला स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण युवाओं को इससे जोड़कर आय के नए स्रोत तैयार किए जा सकते हैं।
इस अवसर पर डॉ. मोनिका बजाज, प्रो. अजीत नेगी, डॉ. विजय ज्योति, अनुजा रावत, डॉ. विजय कांत पुरोहित, डॉ. डी.के. राणा सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के शिक्षक, विशेषज्ञ एवं प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।

