आपदा प्रबंधन दिवस के तहत राज्यस्तरीय टेबल टॉप एक्सरसाइज
28 नवंबर को 13 जिलों में 250 से 300 स्थानों पर होगी मॉक ड्रिल
देहरादून, 25 नवंबर । सिल्क्यारा सुरंग बचाव अभियान की सफलता की वर्षगांठ पर 28 नवंबर को मनाए जाने वाले राज्य आपदा प्रबंधन दिवस के तहत बुधवार को राज्यस्तरीय टेबल टॉप एक्सरसाइज आयोजित की गई। इसके साथ ही आपदा प्रबंधन दिवस के कार्यक्रमों की शुरुआत हुई। उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) के राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र में आयोजित अभ्यास की अध्यक्षता आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास सचिव विनोद कुमार सुमन ने की।
अभ्यास में सभी 13 जिलों के अधिकारियों और संबंधित विभागों ने भाग लिया। संभावित आपदा परिस्थितियों के आधार पर जिलों की तैयारी, त्वरित प्रतिक्रिया, विभागों के बीच समन्वय, संसाधनों की उपलब्धता, आपातकालीन संचार, राहत एवं बचाव की योजना और कमांड एवं नियंत्रण व्यवस्था की समीक्षा की गई।
अधिकारियों को अलग-अलग आपदा परिदृश्य देकर पूछा गया कि सूचना मिलने के बाद राहत एवं बचाव दलों की तैनाती, प्रभावित लोगों की सुरक्षित निकासी, घायलों को चिकित्सा सुविधा, राहत सामग्री की आपूर्ति और अन्य एजेंसियों को सक्रिय करने के लिए वे क्या कदम उठाएंगे।
सुमन ने कहा कि इस अभ्यास का उद्देश्य योजनाओं की समीक्षा के साथ यह परखना भी है कि वास्तविक आपदा के समय प्रतिक्रिया व्यवस्था कितनी तत्पर और प्रभावी है। उन्होंने कहा कि आपदा के दौरान कुछ मिनट भी महत्वपूर्ण होते हैं। इसलिए हर जिले में एजेंसियों की भूमिका, संसाधन जुटाने की व्यवस्था, संचार और घटनास्थल पर कमांड संचालन स्पष्ट होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सिल्क्यारा सुरंग बचाव अभियान से स्पष्ट हुआ कि चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में समन्वय, भूमिकाओं की स्पष्टता, विशेषज्ञता, त्वरित निर्णय और संसाधनों का प्रभावी उपयोग जीवन बचाने में निर्णायक होते हैं। इसी सीख के आधार पर राज्य की आपदा प्रतिक्रिया व्यवस्था को मजबूत करने के लिए टेबल टॉप एक्सरसाइज और मॉक ड्रिल आयोजित की जा रही हैं।
इस अवसर पर अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (प्रशासन) प्रकाश चंद्र, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (क्रियान्वयन) डीआईजी राजकुमार नेगी, जया बलूनी, डिप्टी कमांडेंट जनरल राजीव बलूनी, एसके राणा, संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिनेश कुमार पुनेठा सहित विभिन्न विभागों और जिलों के अधिकारी उपस्थित रहे।
28 नवंबर को राज्यव्यापी मॉक ड्रिल
सुमन ने बताया कि 28 नवंबर को सभी 13 जिलों में राज्यस्तरीय मॉक ड्रिल होगी। राज्य से लेकर तहसील और स्थानीय स्तर तक करीब 250 से 300 स्थानों पर एक साथ आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों का अभ्यास किया जाएगा। इनमें भूकंप, भूस्खलन, बादल फटना, अचानक बाढ़, हिमनद झील के फटने से बाढ़, हिमस्खलन, अतिवृष्टि, नदी का जलस्तर बढ़ना, जंगल की आग, सुरंग और सड़क दुर्घटना, भवन क्षति, आगजनी, औद्योगिक, विद्युत और रासायनिक दुर्घटनाएं, बांध या जलाशय से अचानक पानी छोड़ना, हेलीकॉप्टर आपातस्थिति तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भगदड़ जैसी स्थितियां शामिल होंगी।
राहत शिविरों और सामुदायिक तैयारी का अभ्यास
मॉक ड्रिल में राहत शिविरों की स्थापना और संचालन भी परखा जाएगा। शिविरों में बिजली, पेयजल, भोजन, प्राथमिक चिकित्सा, शिशु आहार और गर्भवती महिलाओं के लिए सुविधाओं की उपलब्धता देखी जाएगी। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए पुलिस तथा होमगार्ड की तैनाती का अभ्यास भी होगा।
सुमन ने कहा कि आपदा के समय स्थानीय समुदाय सबसे पहले प्रतिक्रिया देता है। इसलिए मॉक ड्रिल में पूर्व सैनिकों, पूर्व अर्द्धसैनिक बलों के जवानों, आपदा मित्रों, स्वयंसेवी संस्थाओं, एनसीसी, एनएसएस, रेडक्रॉस और स्थानीय स्वयंसेवी समूहों को शामिल किया जाएगा।
अभ्यास के दौरान एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस, अग्निशमन सेवा, स्वास्थ्य विभाग और अन्य एजेंसियां अपने खोज एवं बचाव उपकरण, संचार प्रणालियां, आपदा प्रतिक्रिया वाहन और अन्य संसाधन प्रदर्शित करेंगी। सरकारी कार्यालयों में अग्निशमन उपकरणों, आपातकालीन निकासी व्यवस्था और कर्मचारियों की तैयारी की समीक्षा होगी। विद्यालयों में मॉक ड्रिल और जागरूकता कार्यक्रमों के साथ वाद-विवाद, निबंध, पोस्टर, स्लोगन और चित्रकला प्रतियोगिताएं होंगी। विकासखंड स्तर पर जनप्रतिनिधियों और समुदाय के साथ बैठकें, जागरूकता रैलियां और नुक्कड़ नाटक भी आयोजित किए जाएंगे।
सुमन ने कहा कि 28 नवंबर सिल्क्यारा बचाव अभियान को याद करने के साथ आपदा तैयारियों को परखने और मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने जिलाधिकारियों और संबंधित एजेंसियों को मॉक ड्रिल गंभीरता से कराने तथा स्थानीय समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आमजन से भी मॉक ड्रिल को गंभीरता से लेने और प्रशासन एवं बचाव दलों के साथ सहयोग करने की अपील की।

