TEDx TMU में विचार, प्रेरणा और नवाचार का संगम
27 नवंबर को सैन्य नेतृत्व, सिनेमा, उद्यमिता और युवा सोच से जुड़े वक्ता साझा करेंगे अनुभव
मुरादाबाद, 25 नवंबर। तीर्थंकर महावीर विश्वविद्यालय (टीएमयू), मुरादाबाद में 27 नवंबर को TEDx TMU 2026 आयोजित होगा। इसमें सैन्य नेतृत्व, सिनेमा, स्वास्थ्य सेवा, उद्यमिता, महिला सशक्तिकरण और युवा नेतृत्व से जुड़ी हस्तियां अपने अनुभव और विचार साझा करेंगी। विश्वविद्यालय के अनुसार, इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नवाचार और सकारात्मक बदलाव के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम में वायुसेना के पूर्व प्रमुख एयर चीफ मार्शल बी.एस. धनोआ, नौसेना के पूर्व प्रमुख एडमिरल आर. हरि कुमार, पूर्व सैन्य अधिकारी और अभिनेता मेजर मोहम्मद अली शाह, आरआईएसएए आईवीएफ के संस्थापक एवं सीईओ डॉ. सार्थक बख्शी, अभिनेता गुलशन पांडेय, क्लिनिकल बायोकेमिस्ट एवं उद्यमी सिद्धि सोमानी जौहरी और टीएमयू की छात्रा समृद्धि शर्मा संबोधित करेंगे। टीएमयू के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अक्षत जैन, कुलपति प्रो. वीके जैन और डीन एकेडमिक्स प्रो. मंजुला जैन भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
एयर चीफ मार्शल (सेवानिवृत्त) बी.एस. धनोआ साहस, रणनीतिक दृष्टि और कठिन परिस्थितियों में निर्णय लेने के अनुभव साझा करेंगे। चार दशक से अधिक के सैन्य करियर में उन्होंने 3,000 घंटे से अधिक उड़ान भरी। वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध के दौरान वह नंबर 17 स्क्वाड्रन के कमांडिंग ऑफिसर थे। वर्ष 2017 से 2019 तक उन्होंने वायुसेना प्रमुख के रूप में सेवाएं दीं।
एडमिरल (सेवानिवृत्त) आर. हरि कुमार सैन्य जीवन के अनुभवों के जरिए नेतृत्व, अनुशासन और रणनीतिक सोच पर बात करेंगे। वर्ष 1983 में नौसेना में कमीशन हुए हरि कुमार ने आईएनएस विराट सहित कई युद्धपोतों की कमान संभाली। वह नवंबर 2021 से नवंबर 2024 तक नौसेना प्रमुख रहे।
पूर्व सैन्य अधिकारी मेजर (सेवानिवृत्त) मोहम्मद अली शाह सेना में सेवा के बाद अभिनय की दुनिया तक के अपने सफर पर बात करेंगे। सेना में सेवाओं के लिए कमेंडेशन कार्ड से सम्मानित शाह ने ‘हैदर’, ‘बजरंगी भाईजान’, ‘एजेंट विनोद’ और वेब सीरीज ‘अवरोध’ में काम किया है। वह बताएंगे कि चुनौतियां किस तरह नए अवसरों और पहचान का रास्ता खोल सकती हैं।
आरआईएसएए आईवीएफ के संस्थापक एवं सीईओ और नीओस एंजल्स के सह-संस्थापक डॉ. सार्थक बख्शी उद्यमिता और सामाजिक नवाचार पर विचार रखेंगे। फोर्ब्स की ‘30 अंडर 30 एशिया’ सूची में शामिल बख्शी 30 से अधिक स्टार्टअप में निवेश का अनुभव रखते हैं। उनका संबोधन एक विचार से उद्यम खड़ा करने और उसके जरिए सामाजिक बदलाव लाने पर केंद्रित होगा।
अभिनेता गुलशन पांडेय अभिनय के सफर और मनोरंजन जगत की चुनौतियों पर बात करेंगे। वह ‘क्राइम पेट्रोल’ के अलावा ‘पीके’, ‘वांटेड’ और ‘गुंजन सक्सेना: द कारगिल गर्ल’ जैसी फिल्मों में काम कर चुके हैं।
क्लिनिकल बायोकेमिस्ट, उद्यमी और समाजसेवी सिद्धि सोमानी जौहरी महिला सशक्तिकरण, आत्मविश्वास और स्वतंत्र पहचान पर अपने विचार साझा करेंगी। वह नारी प्रोजेक्ट की सह-संस्थापक हैं और स्वास्थ्य शिक्षा तथा महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में सक्रिय हैं।
टीएमयू की छात्रा समृद्धि शर्मा युवा वक्ता के रूप में आत्मविश्वास, तार्किक क्षमता और सामाजिक मुद्दों पर युवाओं की भागीदारी को सामने रखेंगी। वह पार्लियामेंट डिबेट प्रतियोगिता की विजेता और टीएमयू यूथ एक्स की खिताब विजेता हैं।

