बेराधार में बाली-सुग्रीव युद्ध और बाली वध का प्रभावशाली मंचन
थराली, 23 जून (हरेंद्र बिष्ट)। विकासखंड देवाल के अंतर्गत ग्राम पंचायत बेराधार में देवभूमि रामलीला कमेटी के बैनर तले आयोजित रामलीला के सातवें दिन बाली-सुग्रीव युद्ध तथा भगवान श्रीराम द्वारा बाली वध की लीला का प्रभावशाली मंचन किया गया। इस अवसर पर हाटकल्याणी जिला पंचायत सदस्य उर्मिला बिष्ट और सवाड़ वार्ड के जिला पंचायत सदस्य बलवीर राम ने आयोजन की सराहना करते हुए लोगों से भगवान श्रीराम के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
सोमवार रात्रि आयोजित रामलीला में राम-लक्ष्मण, सुग्रीव और हनुमान संवाद के साथ बाली-सुग्रीव युद्ध का सजीव मंचन किया गया। इसके बाद भगवान श्रीराम द्वारा बाली वध की लीला प्रस्तुत की गई। साथ ही श्रीहनुमान द्वारा लंका दहन कर माता सीता की निशानी अंगूठी लेकर प्रभु श्रीराम के पास लौटने के प्रसंग का भी आकर्षक मंचन किया गया।
मुख्य अतिथि उर्मिला बिष्ट एवं बलवीर राम ने कहा कि भगवान श्रीराम ने मानव समाज के लिए आदर्श जीवन मूल्यों की स्थापना की है। यदि समाज उनके आदर्शों का अनुसरण करे तो एक स्वस्थ, संस्कारित और समरस समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने कहा कि रामलीला केवल एक नाट्य मंचन नहीं, बल्कि हमारी धार्मिक, सांस्कृतिक और नैतिक परंपराओं का जीवंत स्वरूप है, जो माता-पिता, भाई-बहनों तथा बड़ों के सम्मान और कर्तव्यपालन की प्रेरणा देती है।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में ज्येष्ठ प्रमुख दीपक गड़िया, वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता गोविंद सिंह पांगती, गणेश मिश्रा, आलम सिंह बिष्ट, लखन रावत, डॉ. कृपाल भंडारी, भूपेंद्र बिष्ट, सुरेंद्र रावत, राजू मेहरा, प्रधान संघ अध्यक्ष खिलाप बिष्ट तथा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष कमल गड़िया उपस्थित रहे।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान सुमित्रा देवी, ब्लॉक प्रमुख एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य बेराधार तेजपाल रावत, आयोजन समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह बिष्ट, उपाध्यक्ष वीरेंद्र बिष्ट, सचिव दिलव सिंह बिष्ट एवं गजेंद्र सिंह पनेरी, कोषाध्यक्ष चंद्र सिंह बिष्ट एवं लखन सिंह, मंत्री सुरेंद्र पनेरी, नवयुवक मंगल दल अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह रावत, उपाध्यक्ष महिपाल सिंह रावत, सचिव लक्ष्मण सिंह करमियाल, महिला मंगल दल अध्यक्ष नीमा देवी, उपाध्यक्ष अर्चना देवी, कोषाध्यक्ष शांति देवी तथा पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य खड़क सिंह रावत सहित अन्य पदाधिकारियों ने अतिथियों और दर्शकों का स्वागत किया।
