पोखरी में बिजली समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण, कैंप में उमड़ी उपभोक्ताओं की भीड़

चार दर्जन से अधिक शिकायतें दर्ज, कई मामलों का तुरंत समाधान — 25 अप्रैल को नौटी में अगला कैंप
पोखरी, 17 अप्रैल (राणा)। विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण मंच (सीजीआरएफ) कर्णप्रयाग द्वारा पोखरी स्थित विद्युत विभाग कार्यालय में विशेष कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने भाग लेकर अपनी समस्याएं दर्ज कराईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया.

कैंप के दौरान चार दर्जन से अधिक उपभोक्ताओं ने बिजली बिल, लो वोल्टेज, खराब ट्रांसफार्मर, लाइन फॉल्ट और मीटर से संबंधित शिकायतें मंच के समक्ष रखीं। फोरम के न्यायिक सदस्य रघुवीर सिंह बिष्ट तथा उपभोक्ता सदस्य अर्जुन सिंह बिष्ट की मौजूदगी में सभी शिकायतों को गंभीरता से सुना गया और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
यूपीसीएल के उपखंड अधिकारी आशीष चौधरी तथा अवर अभियंता धीर सिंह भंडारी ने मौके पर सक्रियता दिखाते हुए लाइनमैन और अधीनस्थ कर्मचारियों को अधिकांश समस्याओं के तत्काल समाधान के निर्देश दिए। इसके परिणामस्वरूप कई उपभोक्ताओं को राहत मिली और उनकी वर्षों पुरानी समस्याओं का भी समाधान हो सका।
कैंप के सफल संचालन में सीजीआरएफ कार्यालय सहायक सतीश मैठाणी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मंच द्वारा करीब एक दर्जन जटिल मामलों को औपचारिक सुनवाई के लिए पंजीकृत किया गया है, जिन पर आगामी बैठकों में विचार किया जाएगा।
इस अवसर पर मंच के सदस्यों और विभागीय अधिकारियों ने फील्ड स्टाफ के साथ बैठक कर उपभोक्ता समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए। बैठक में यह तथ्य भी सामने आया कि चोपता की तरह पोखरी क्षेत्र में भी फील्ड स्टाफ की कमी के कारण समस्याओं के समाधान में विलंब हो रहा है।
गौरतलब है कि एक दिन पूर्व ही मंच द्वारा जनपद रुद्रप्रयाग के चोपता में भी इसी प्रकार का कैंप आयोजित किया गया था। वहीं, इस माह का अगला कैंप 25 अप्रैल को गैरसैंण डिवीजन के नौटी में आयोजित किया जाएगा, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को भी राहत मिल सके।
कैंप में थालाबैड वार्ड से जिला पंचायत सदस्य वीरेंद्र राणा, ग्राम प्रधान कुजासू मधु देवी, ग्राम सभा पैणी के प्रधान सतीश सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और समाजसेवी उपस्थित रहे। विशेष बात यह रही कि महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी करते हुए अपनी समस्याएं खुलकर सामने रखीं।
स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कैंप नियमित रूप से आयोजित किए जाने चाहिए, ताकि उपभोक्ताओं को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार विभागीय कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
