शिक्षकों की जनगणना ड्यूटी का अभिभावक संघ ने किया विरोध, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
-हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट-
थराली, 17 अप्रैल। राजकीय अटल आदर्श राजकीय इंटर कॉलेज थराली के शिक्षक-अभिभावक संघ ने गणित, अंग्रेजी, जीव विज्ञान और सामाजिक विज्ञान जैसे महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षकों की ड्यूटी जनगणना में लगाए जाने का विरोध किया है। संघ ने इसे छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताते हुए इन शिक्षकों की जनगणना ड्यूटी हटाए जाने की मांग की है। इस संबंध में संघ ने थराली के उपजिलाधिकारी पंकज भट्ट को एक ज्ञापन सौंपा।
शुक्रवार को उपजिलाधिकारी पंकज भट्ट से राजकीय अटल आदर्श इंटर कॉलेज थराली के अभिभावक संघ के एक शिष्टमंडल ने भेंट कर बताया कि कॉलेज के पांच शिक्षकों की ड्यूटी जनगणना कार्य में लगाई गई है, जिससे छात्रों की पढ़ाई बाधित हो रही है। शिष्टमंडल ने बताया कि जिन शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है, वे गणित, अंग्रेजी, जीव विज्ञान और सामाजिक विज्ञान जैसे महत्वपूर्ण विषयों के अध्यापक हैं। ऐसे में इन विषयों की नियमित कक्षाएं संचालित नहीं हो पा रही हैं, जिससे विद्यार्थियों के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
संघ ने उपजिलाधिकारी से इन शिक्षकों को जनगणना ड्यूटी से मुक्त कर अन्य विभागों के कर्मचारियों की ड्यूटी लगाए जाने की मांग की, ताकि कॉलेज में शिक्षण कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सके। अभिभावकों ने आरोप लगाया कि नगर पंचायत क्षेत्र में अन्य विभागों के कर्मचारियों को जनगणना कार्य में नहीं लगाया गया है, जबकि केवल इंटर कॉलेज के शिक्षकों पर ही इसका भार डाला गया है, जो उचित नहीं है।
इस शिष्टमंडल में नगर पंचायत थराली की अध्यक्ष सुनीता रावत, संघ के अध्यक्ष कमलेश देवराड़ी, पूजा पुरोहित, दीपा पटवाल, सुनीता बिष्ट, मंजू देवराड़ी, मुन्नी कंडारी, रेखा देवी, विमला देवी, ललिता देवी, मुकेश चंद्र, जयवीर सिंह, मनोज रावत सहित अन्य अभिभावक मौजूद रहे।
