Front Page

अरेबियन ट्रैवल मार्केट- दुबई 2022 : सतपाल महाराज ने उत्तराखंड के पर्यटन स्थलों के महत्व पर चर्चा की

नयी दिल्ली, 12   मई (उहि ) ।भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय ने अरेबियन ट्रैवल मार्केट, दुबई-2022 के दूसरे दिन अंतरराष्ट्रीय मीडिया और प्रभावशाली लोगों (इन्फ्लुएंसर्स) के साथ एक प्रेस वार्ता आयोजित की। उत्तराखंड सरकार के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज की  उपस्थिति में इस प्रेस वार्ता का संचालन रूपिंदर बराड़, अपर महानिदेशक, पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार ने किया। इस दौरान के. कालीमुथु, काउंसल (आर्थिक, व्यापार और वाणिज्य), प्रशांत रंजन, निदेशक पर्यटन, पर्यटन मंत्रालय भारत सरकार, बॉलीवुड सेलेब्रिटी रकुल प्रीत सिंह और अंतरराष्ट्रीय गायिका श्वेता सुब्रम भी उपस्थित थे।

प्रेस वार्ता के दौरान भारत में पर्यटन क्षमता के विभिन्न क्षेत्रों पर चर्चा की गई। उत्तराखंड सरकार के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने राज्य के पर्यटन स्थलों के महत्व पर चर्चा की, जिनका उपयोग उत्तराखंड में साहसिक पर्यटन, विवाह पर्यटन जैसे पर्यटन के विविध क्षेत्रों को बढ़ावा देने के लिए किया जा सकता है। मंत्री ने राज्य में पर्यटकों की संख्या बढ़ाने को लेकर उत्तराखंड सरकार की कुछ प्रमुख पहलों का भी जिक्र किया। उन्होंने हरिद्वार अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे जैसी बुनियादी ढांचे के विकास की विभिन्न परियोजनाओं और सरकार द्वारा शुरू की जा रही आगे की रणनीतियों पर भी चर्चा की।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image002YIVY.jpg

रूपिंदर बराड़ ने कहा कि मंत्रालय पूरे जोर-शोर से विभिन्न पर्यटन उत्पादों और स्थलों को बढ़ावा दे रहा है। एमआईसीई, फिल्म पर्यटन, वेलनेस टूरिज्म, मेडिकल टूरिज्म, लग्जरी टूरिज्म, वाइल्डलाइफ टूरिज्म और साहसिक पर्यटन की संभावनाओं पर ज्यादा ध्यान दिया गया है। उन्होंने कहा कि मध्य पूर्व क्षेत्र भारतीय पर्यटन के लिए प्रमुख लक्षित बाजार रहा है। मध्य पूर्व से बड़ी संख्या में पर्यटक एमआईसीई, चिकित्सा, आरोग्य, लग्जरी पर्यटन आदि के लिए भारत आते हैं। भारत सरकार का पर्यटन मंत्रालय मध्य पूर्व के बाजार में भारतीय पर्यटन को समग्र रूप से बढ़ावा दे रहा है। अरेबियन ट्रैवल मार्ट में सहभागिता सरकार की ऐसी ही एक पहल है।

इस बात पर भी प्रमुखता से चर्चा हुई कि अंतरराष्ट्रीय आगंतुकों के लिए भारत पूरी तरह से खुल गया है, इसके लिए मंत्रालय पहले से ही अंतरराष्ट्रीय आगंतुकों को भारत आने को प्रोत्साहित करने के लिए ‘नमस्ते इंडिया’ अभियान शुरू किया है। महामारी के बाद भरोसा बढ़ाने की रणनीतियों पर भी मंत्रालय ध्यान केंद्रित कर रहा है।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image0034I9S.jpg

रकुल प्रीत सिंह ने फिल्म पर्यटन के महत्व और फिल्म निर्माण के एक महत्वपूर्ण गंतव्य के रूप में भारत की क्षमता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारत में सभी प्रकार की भौतिक भौगोलिक विशेषताएं और प्राकृतिक परिदृश्य मौजूद हैं। उन्होंने आगे एक महत्वपूर्ण फिल्म शूटिंग गंतव्य के रूप में पूर्वोत्तर राज्यों की भूमिका पर बात की।

श्री के. कालीमुथु, काउंसल (आर्थिक, व्यापार और वाणिज्य) ने विदेशी बाजार में भारत के प्रचार के लिए प्रवासी भारतीय समुदाय का महत्व समझाया। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की ‘चलो इंडिया’ अपील का जिक्र किया और बताया कि उन्होंने ‘राष्ट्रदूत’ कहते हुए भारतीय समुदाय से हर साल कम से कम पांच गैर-भारतीय मित्रों को भारत आने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया है। उन्होंने देश के समग्र आर्थिक विकास के लिए पर्यटन की भूमिका पर जोर दिया।

श्वेता सुब्रम ने भी विदेश में भारत के प्रचार के संबंध में प्रवासी भारतीयों की भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने आगे कहा कि भारत में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सोशल मीडिया के जरिए प्रचार गेम-चेंजर साबित होगा। बहुत से युवा पर्यटक यात्रा और पर्यटन को लेकर प्रचार सामग्री देखने के लिए सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते हैं। उन्होंने बड़ी संख्या में पर्यटकों/अनुयायियों को आकर्षित करने में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसरों की भूमिका के बारे में भी बताया।

भारत सरकार का पर्यटन मंत्रालय अपने ‘अतुल्य भारत’ ब्रांड लाइन के तहत 9 से 12 मई 2022 तक आयोजित हो रहे अरेबियन ट्रैवल मार्केट (एटीएम), दुबई-2022 में हिस्सा ले रहा है। यह भारत की समृद्ध और विविध पर्यटन क्षमता का प्रदर्शन करने और पर्यटन हितधारकों को विभिन्न पर्यटन स्थलों और महत्वपूर्ण उत्पादों को प्रदर्शित करने के लिए एक मंच उपलब्ध करा रहा है। इसका उद्देश्य भारत को ‘जरूर देखें, जरूर आएं’ गंतव्य के रूप में भी बढ़ावा देना है।

मार्ट के दौरान इंडिया पवेलियन भारत को ‘365 दिन डेस्टिनेशन’ के रूप में पेश कर रहा है जहां संस्कृति, एडवेंचर, क्रूज, एमआईसीई, लग्जरी, गोल्फ, वाइल्डलाइफ, आरोग्य और मेडिकल टूरिज्म आदि जैसे सालभर चलने वाले बहुआयामी पर्यटन स्थल मौजूद हैं। मार्ट के दौरान ‘नमस्ते कैंपेन’ के साथ एक थीम के रूप में इंडिया रीओपनिंग को प्रमोट किया गया है और इसके जरिए अंतरराष्ट्रीय यात्रियों का स्वागत करने के लिए भारत की घूमने वाली जगहों को प्रदर्शित किया जा रहा है।

केरल, नगालैंड सरकारों का राज्य पर्यटन विभाग, टूर ऑपरेटर्स, ट्रैवल एजेंटों और होटल/रिजॉर्ट व्यावसायियों के प्रतिनिधि के रूप में भारत के करीब 18 प्रतिभागी विविध पर्यटन उत्पादों और सेवाओं को प्रदर्शित करने के लिए इंडिया पवेलियन में मौजूद रहेंगे। इसके अलावा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड और कर्नाटक की राज्य सरकारें भी अपने-अपने राज्यों की पर्यटन क्षमता का प्रदर्शन कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!