क्षेत्रीय समाचार

गौचर में 341 दिव्यांगजनों को मिले कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण

**पांच दिवसीय राज्य स्तरीय शिविर का समापन, छह जिलों के दिव्यांगजन हुए लाभान्वित**

— दिग्पाल गुसाईं की रिपोर्ट —

गौचर, 4 नवंबर। उत्तराखंड राज्य के 26वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज गौचर में आयोजित पांच दिवसीय विशेष राज्य स्तरीय दिव्यांग सहायता शिविर का बुधवार को समापन हो गया। शिविर में छह जिलों के 341 दिव्यांगजनों को निःशुल्क कृत्रिम अंग एवं विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए गए। इन उपकरणों से किसी को चलने-फिरने का सहारा मिला तो किसी के दैनिक जीवन के कार्य आसान हुए। श्रवण यंत्र मिलने से कई दिव्यांगजनों के लिए दूसरों से संवाद करना भी सुगम हुआ।

जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग की ओर से भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति, जयपुर (जयपुर फुट) के सहयोग से 31 अक्टूबर से 4 नवंबर तक आयोजित इस शिविर में चमोली, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, टिहरी और बागेश्वर जिलों के दिव्यांगजनों को उनकी व्यक्तिगत आवश्यकताओं के अनुरूप कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए।

जिला समाज कल्याण अधिकारी धनंजय लिंगवाल ने बताया कि जिलाधिकारी गौरव कुमार की विशेष पहल पर आयोजित शिविर में 53 दिव्यांगजनों को कृत्रिम पैर, आठ को कृत्रिम हाथ, 111 को श्रवण यंत्र, 41 को व्हीलचेयर तथा 23 को बैसाखियां प्रदान की गईं। इसके अतिरिक्त अन्य लाभार्थियों को छड़ी, कैलिपर, वॉकर एवं अन्य सहायक उपकरण वितरित किए गए। शिविर में कुल 341 दिव्यांगजनों को विभिन्न प्रकार की सहायता उपलब्ध कराई गई।

उन्होंने बताया कि शिविर में चमोली जिले के 271, पौड़ी के आठ, रुद्रप्रयाग के 24, टिहरी के दो, बागेश्वर के 22 तथा अल्मोड़ा के दो दिव्यांगजनों को लाभान्वित किया गया।

समापन समारोह में जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कहा कि दिव्यांगजनों को सशक्त, आत्मनिर्भर एवं सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रत्येक व्यक्ति को गरिमापूर्ण जीवन जीने और अपनी क्षमताओं के अनुरूप आगे बढ़ने के समान अवसर मिलने चाहिए। ऐसे शिविर दिव्यांगजनों की दैनिक कठिनाइयों को कम करने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने शिविर के सफल आयोजन के लिए जयपुर फुट की पूरी टीम का आभार व्यक्त किया।

शिविर के दौरान दिव्यांगजनों को विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के भी प्रयास किए गए। महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास, पशुपालन, कृषि, उद्यान, स्वास्थ्य और सेवायोजन सहित विभिन्न विभागों ने अपने स्टॉल लगाकर केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी दी तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित किया।

समापन समारोह में जिलाधिकारी एवं अन्य अतिथियों ने शिविर के सफल संचालन में योगदान देने वाले जयपुर फुट के दल प्रमुख अनुज लोधी तथा सदस्यों मोतीलाल, मनोज, गजेंद्र, मुकेश, मोहम्मद खालिद, रोहित और विशाल को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर गैरसैंण निवासी सोबन सिंह, नंदानगर निवासी माधो सिंह एवं पुष्कर सिंह को कृत्रिम पैर, रुद्रप्रयाग निवासी संजय सिंह को कृत्रिम हाथ, रेखा देवी एवं दीपा देवी को श्रवण यंत्र तथा पुष्कर राम एवं ममता देवी को व्हीलचेयर प्रदान की गई।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बर्त्वाल, जयपुर फुट के समन्वयक चंद्रशेखर भंसाली, राज्य दिव्यांग सलाहकार बोर्ड के सदस्य बृजमोहन नेगी एवं गणेश मिश्रा, मंच संचालक मनोज तिवारी, प्रधानाचार्य केएस बिष्ट, हेम मिश्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!