Front Pageस्वास्थ्य

उत्तराखंड में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल और पैरामेडिकल कॉलेज के प्रस्ताव पर केंद्र की पहल

 

देहरादून, 27 अगस्त। उत्तराखंड में चिकित्सा शिक्षा और विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार से जुड़े दो महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर केंद्र सरकार ने पहल शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा भेजे गए सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल और पैरामेडिकल कॉलेज की स्थापना के प्रस्तावों को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने विभागीय परीक्षण के लिए संबंधित प्रभागों को भेज दिया है।

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने मुख्यमंत्री धामी को पत्र भेजकर इसकी जानकारी दी है। दोनों संस्थान हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय के अंतर्गत स्थापित किए जाने प्रस्तावित हैं।

सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की स्थापना से प्रदेश में गंभीर और जटिल बीमारियों के उपचार के लिए उच्च स्तरीय विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है। इससे ऐसे मरीजों को भी राहत मिल सकती है, जिन्हें विशेष उपचार के लिए राज्य से बाहर जाना पड़ता है।

वहीं, पैरामेडिकल कॉलेज की स्थापना से प्रदेश में प्रशिक्षित पैरामेडिकल कर्मियों की उपलब्धता बढ़ेगी और अस्पतालों को आवश्यक तकनीकी एवं सहयोगी मानव संसाधन मिल सकेगा।

मुख्यमंत्री धामी ने दोनों प्रस्तावों का केंद्र सरकार के स्तर पर परीक्षण शुरू होने को प्रदेश की चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!