Front Page

दक्षता आकलन में 98.20 प्रतिशत उपस्थिति के साथ चमोली प्रदेश में अव्वल

थराली/ गौचर, 7 अक्टूबर (हरेन्द्र बिष्ट/ दिग्पाल गुसाईं)। शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए आयोजित द्वितीय दक्षता आधारित आकलन में चमोली जिले ने 98.20 प्रतिशत उपस्थिति के साथ प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। रुद्रप्रयाग 97.38 प्रतिशत उपस्थिति के साथ दूसरे और पिथौरागढ़ 96.39 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
प्रदेश में कक्षा 2, 5 और 8 के शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों की दक्षता परखने के लिए आकलन आयोजित किया जा रहा है। इसके द्वितीय चरण में चमोली जिले के 98.20 प्रतिशत विद्यार्थियों ने भाग लिया, जो प्रदेश में सर्वाधिक बताया गया है।
शिक्षा विभाग के अनुसार चमोली में आकलन के लिए पंजीकृत कुल 8,711 विद्यार्थियों में से 8,554 ने प्रतिभाग किया। कक्षावार उपस्थिति में कक्षा 2 के 1,499 विद्यार्थियों में से 1,458, कक्षा 5 के 3,310 विद्यार्थियों में से 3,014 तथा कक्षा 8 के 3,904 विद्यार्थियों में से 3,526 विद्यार्थियों के आकलन में शामिल होने की जानकारी दी गई है।
चमोली ने लगातार दूसरी बार दक्षता आधारित आकलन में विद्यार्थियों की उपस्थिति के मामले में प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। इससे पहले 7 और 8 सितंबर 2026 को आयोजित प्रथम दक्षता आधारित आकलन में भी जिले में करीब 97 प्रतिशत विद्यार्थियों की उपस्थिति दर्ज की गई थी और चमोली प्रदेश में पहले स्थान पर रहा था।
मुख्य शिक्षा अधिकारी आकाश सारस्वत ने इस उपलब्धि का श्रेय खंड शिक्षा अधिकारियों, प्रधानाध्यापकों, प्रधानाचार्यों, शिक्षकों, ब्लॉक और क्लस्टर रिसोर्स पर्सन तथा अभिभावकों के प्रयासों को दिया। उन्होंने कहा कि लगातार दूसरी बार उच्च उपस्थिति विद्यालयों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी को दर्शाती है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि आगामी दक्षता आकलनों और अन्य शैक्षिक गतिविधियों में भी इसी तरह विद्यार्थियों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!