तलवाड़ी और सवाड़ में गढ़भोज, पहाड़ी व्यंजनों के स्वाद के साथ सेहत का संदेश

–हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट-
थराली/देवाल, 7 अक्टूबर। थराली के राजकीय महाविद्यालय तलवाड़ी और देवाल विकासखंड के सैनिक बहुल गांव सवाड़ स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में मंगलवार को गढ़भोज कार्यक्रम आयोजित किए गए। छात्र-छात्राओं ने उत्तराखंड के पारंपरिक अनाज और स्थानीय उत्पादों से कई तरह के व्यंजन तैयार कर अतिथियों को परोसे। कार्यक्रमों में पारंपरिक खानपान को स्वास्थ्य के साथ स्थानीय कृषि और संस्कृति से जोड़ने पर जोर दिया गया।
राजकीय महाविद्यालय तलवाड़ी में कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी प्राचार्य डॉ. नीतू पांडे ने किया, जबकि राजकीय इंटर कॉलेज सवाड़ में ग्राम प्रधान आशा धपोला ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। वक्ताओं ने कहा कि पहाड़ के पारंपरिक व्यंजन स्वादिष्ट होने के साथ पौष्टिक भी हैं। यही कारण है कि अब पहाड़ के बाहर भी गढ़वाल और कुमाऊं में उत्पादित मोटे अनाज और अन्य स्थानीय खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ रही है।
ग्राम प्रधान आशा धपोला ने छात्र-छात्राओं से स्थानीय व्यंजनों को अपने दैनिक भोजन का हिस्सा बनाने और इन्हें तैयार करने की विधियां सीखने का आह्वान किया। उन्होंने जैविक रूप से उत्पादित खाद्यान्नों के अधिक उपयोग और डिब्बाबंद तथा फास्ट फूड से बचने की सलाह दी।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण छात्र-छात्राओं द्वारा तैयार पारंपरिक पहाड़ी व्यंजन रहे। इनमें कोदा-मंडुवा, झंगोरा, कोणी, भट्ट के डुबके, भट्ट की चुटकानी, राजमा की दाल, कंडाली की सब्जी, झंगोरे की खीर, स्थानीय ककड़ी का रायता और सलाद, तिल, पुदीना तथा चोरू की चटनी, मंडुवे की रोटी, घर के लाल चावल की खीर और भात सहित अनेक व्यंजन शामिल थे। अतिथियों ने इन व्यंजनों का स्वाद लेने के साथ छात्र-छात्राओं के प्रयासों की सराहना की।
महाविद्यालय तलवाड़ी में डॉ. सुनील कुमार, डॉ. प्रतिभा आर्य, डॉ. अनुज कुमार, डॉ. खेमकरण, डॉ. स्मिता तिवारी, रजनी नेगी, डॉ. पुष्पा रानी, रजनीश कुमार, डॉ. सुधा राणा, मनोज कुमार, डॉ. कमलेश कुमार और डॉ. जमशेद अंसारी सहित शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में भाग लिया।
उधर, राइंका सवाड़ में विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह बिष्ट, पूर्व पीटीए अध्यक्ष सोबन सिंह खत्री और प्रधानाचार्य महेंद्र आर्य ने विद्यार्थियों से फास्ट फूड के स्थान पर स्थानीय और पौष्टिक भोजन अपनाने की अपील की। कार्यक्रम में राजकीय शिक्षक संघ देवाल के अध्यक्ष सतीश प्रसाद ढौंडियाल सहित विद्यालय के शिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

