क्षेत्रीय समाचारराजनीति

गोपेश्वर में कांग्रेस की ‘लोकतंत्र बचाओ’ रैली, मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन

 

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका, मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को लेकर लगाए आरोप

गोपेश्वर, 8 अक्टूबर (महिपाल गुसाईं)। कांग्रेस ने गुरुवार को ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ के तहत गोपेश्वर में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली निकालकर निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली के खिलाफ प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने, उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और गिरफ्तारी की मांग करते हुए उनका पुतला फूंका। प्रदर्शनकारियों ने निर्वाचन आयोग पर निष्पक्षता से काम नहीं करने और मतदाता सूचियों में कथित गड़बड़ियों के आरोप लगाए।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आयोजित प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार डिमरी ने किया। कांग्रेस कार्यकर्ता गोपेश्वर बस अड्डे पर एकत्र हुए और नारेबाजी करते हुए अंबेडकर भवन तक मार्च निकाला। वहां संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित की गई। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रगान गाया और संविधान के अनुच्छेद 326 का वाचन किया, जिसमें वयस्क मताधिकार के आधार पर लोकसभा और विधानसभा चुनाव कराने का प्रावधान है।
इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग की स्वतंत्रता और निष्पक्षता प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव तथा प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की रक्षा आवश्यक है। कांग्रेस नेताओं ने मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने और निर्वाचन आयोग की जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की।

सभा को प्रदेश कांग्रेस सचिव वीरेंद्र सिंह रावत, पूर्व प्रदेश महामंत्री हरिकृष्ण भट्ट, जिला उपाध्यक्ष देवेंद्र फर्स्वाण और ब्लॉक अध्यक्ष शैलेंद्र नेगी सहित कई नेताओं ने संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस मताधिकार की रक्षा और संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता के सवाल पर अपना आंदोलन जारी रखेगी।
अंबेडकर भवन में सभा के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता वापस बस अड्डे पहुंचे, जहां तिराहे पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री संदीप झिंक्वाण ने किया।
प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य अरविंद नेगी, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष ऊषा रावत, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष आनंद सिंह पंवार, जिला मीडिया प्रभारी गोविंद सिंह सजवाण, नगर अध्यक्ष अनिल कठैत, जिला प्रवक्ता तेजवीर कंडेरी, जिला महामंत्री रविंद्र बर्त्वाल, पूर्व नगर अध्यक्ष योगेंद्र बिष्ट, जिला कार्यालय सचिव मनमोहन ओली, अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष भगत कनियाल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य महेश शंकर त्रिकोटी, मनीष नेगी, जीडी हिंदवाल, ओमप्रकाश नेगी, राजेंद्र रावत, महेंद्र नेगी, सत्येंद्र कुंवर, महिपाल रावत, शिवलाल आर्य, नरेंद्र बर्त्वाल, मुकुल बिष्ट, सचिन गड़िया, नागेंद्र रावत, गोपाल रावत, राकेश बिष्ट, अंजलि पोखरियाल, धर्मा देवी, हर्षवर्धन नेगी, आशा भगत, इंदू बड़वाल, ललिता देवी और दीपा बिष्ट सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!