नेता प्रतिपक्ष आर्य बोले, कांग्रेस भराड़ीसैंण में ही चाहती है अगला विधानसभा सत्र
गौचर, 1 नवम्बर ( लखेड़ा)। उत्तराखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि कांग्रेस पार्टी गैरसैंण -भराड़ीसैंण के प्रति संकल्पित् है और चाहती है कि आगामी सत्र वहीं हो। आर्य ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर भी असंतोष जताया।
कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं उत्तराखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यसपाल आर्य जनपद चमोली के भ्रमण पर पहुंचे। गौचर में पार्टी के कार्यकर्ताओं की बैठक के बाद उन्होंने पत्रकारों को सम्बोधित करते हुए कहा कि आगामी चुनावों को देखते हुये कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने के लिऐ आया हूं। पार्टी को मजबूत कैसे किया जाए इसके लिऐ हमारी जगह जगह बैठकें हो रही है। कहा कि कांग्रेस पार्टी गैरसैंण भराड़ीसैंण को लेकर प्रतिबद्ध है। विधानसभा का अंतरिम बजट सत्र गैरसैंण में ही आहूत किया जाना चाहिऐ।
भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुये नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। अपराधियों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। प्रदेश में हत्या, लूट, डकैती और गुंडा राज से जनता परेशान हैं। भर्ती घोटाले के आरोपी सरकार की मजबूत पैरवी न होने से जमानत पर रिहा हो रहे हैं। जनपद चमोली के देवाल ब्लॉक की 19 वर्षीय बेटी पिंकी की हत्या के आरोपियों का एक साल बाद भी गिरफ्तार न होना सरकार के कानून व्यवस्था की हालात वयां कर रहा है।
कांग्रेस पार्टी के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे को लेकर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि वे पार्टी के बहुत ही अनुभवी नेता हैं उनके नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी मजबूत हुई है।