भारी बारिश से कई सड़कें बाधित, दोपहर बाद बहाल; पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित
थराली, 21 जुलाई (हरेन्द्र बिष्ट)। सोमवार-मंगलवार की रात हुई भारी बारिश के चलते क्षेत्र की कई सड़कों पर मलबा, पत्थर, बोल्डर और गिरे पेड़ों के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। अधिकांश सड़कें मंगलवार दोपहर बाद ही यातायात के लिए सुचारु हो सकीं।
राज्य मार्ग संख्या-91 ग्वालदम-नंदकेशरी मोटर मार्ग किलोमीटर 2 पर मलबा आने से बंद हो गया था। लोक निर्माण विभाग थराली की सहायक अभियंता बबिता ने बताया कि मशीनों की सहायता से मलबा हटाकर सुबह करीब 11:30 बजे मार्ग पर यातायात बहाल कर दिया गया।
इसी प्रकार देवाल ब्लॉक के अंतर्गत देवाल-सुयालकोट-खेता मोटर मार्ग किलोमीटर 16 (सुयालकोट) एवं किलोमीटर 18 पर भूस्खलन के कारण बंद हो गया था। वहीं, थराली ब्लॉक की थराली-कुराड़-पार्था मोटर सड़क भी किलोमीटर 2 और 4 पर मलबा आने से बाधित रही। जूनीधार मोटर मार्ग भी किलोमीटर 3 पर बंद हो गया था। इन सभी मार्गों को दोपहर बाद यातायात के लिए खोल दिया गया।
राष्ट्रीय राजमार्ग ग्वालदम-सिमली पर भी कई स्थानों पर मलबा और बोल्डर आने से यातायात प्रभावित हुआ। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने समय पर मलबा हटाकर यातायात को सामान्य कराया।
भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर पेयजल पाइपलाइनें भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जिससे अनेक क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति बाधित हो गई। जल संस्थान और जल निगम की टीमें पाइपलाइन की मरम्मत कर जलापूर्ति बहाल करने में जुटी हैं।
उधर, ब्लॉक मुख्यालय देवाल में पिछले दो-तीन दिनों से नियमित पेयजल आपूर्ति नहीं होने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, जल निगम की ओर से टैंकरों के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
