Front Pageधर्म/संस्कृति/ चारधाम यात्रा

अफसरों को मुख्यमंत्री धामी की हिदायत -कांवड़ यात्रा की सभी तैयारियां समय पर पूरी करें

हरिद्वार, 21 जुलाई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आगामी 30 जुलाई से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफल बनाने के लिए सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सभी विभाग समन्वय और सेवा भाव के साथ कार्य करें।
मंगलवार को मेला नियंत्रण भवन में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा उत्तराखंड की आस्था, प्रशासनिक क्षमता और सेवा संस्कृति का प्रतीक है। अधिकारियों को “सुरक्षित कांवड़, सुव्यवस्थित कांवड़ और स्वच्छ कांवड़” के लक्ष्य के साथ कार्य करना होगा, ताकि प्रत्येक श्रद्धालु देवभूमि से सुखद अनुभव लेकर लौटे।
मुख्यमंत्री ने महिला श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त संख्या में स्वच्छ पिंक टॉयलेट, पेयजल, विश्राम स्थल, प्रकाश व्यवस्था और सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भंडारों का संचालन व्यवस्थित हो तथा नो-प्लास्टिक अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाए।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में अब तक 45 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं और कांवड़ यात्रा में भी रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। इसे देखते हुए सभी व्यवस्थाएं धार्मिक परंपराओं और गरिमा के अनुरूप की जाएं।
मुख्यमंत्री ने संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी, ड्रोन और एआई आधारित निगरानी प्रणाली के प्रभावी उपयोग के निर्देश दिए। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि वीआईपी मूवमेंट के कारण किसी भी स्थिति में कांवड़ यात्रियों की आवाजाही प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने प्रमुख पड़ावों पर मेडिकल कैंप, एंबुलेंस, चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की पर्याप्त व्यवस्था के साथ प्रमुख घाटों पर वाटर एंबुलेंस तैनात करने के निर्देश दिए। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, जल पुलिस और अग्निशमन सेवाओं को पूरी तरह अलर्ट रखने तथा भारी वर्षा जैसी आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए पूर्व तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने होटल, ढाबों और खाद्य प्रतिष्ठानों में खाद्य गुणवत्ता की नियमित जांच, लाइसेंस का स्पष्ट प्रदर्शन तथा हर की पैड़ी और अन्य प्रमुख घाटों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही महिला पुलिस बल और हेल्प डेस्क सक्रिय रखने, ऊंची कांवड़ और मानकों से अधिक ध्वनि वाले डीजे वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण तथा महाकुंभ-2027 की तैयारियों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया। बैठक में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन सहित वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!