धर्म/संस्कृति/ चारधाम यात्रा

टीएमयू में दशलक्षण महापर्व: ‘झुके अभिमान, जागे आत्मज्ञान’ ने मोहा मन

उत्तम आर्जव में सरलता और निष्कपटता, उत्तम मार्दव में अहंकार त्याग का दिया संदेश

मुरादाबाद, 18 सितम्बर। तीर्थंकर महावीर विश्वविद्यालय (टीएमयू) में दशलक्षण महापर्व के दौरान उत्तम आर्जव और उत्तम मार्दव धर्म का संदेश धार्मिक अनुष्ठानों, प्रवचनों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से दिया गया। इस अवसर पर जिनालय और रिद्धि-सिद्धि भवन में पूजन-अर्चन, अभिषेक, शांतिधारा, तत्त्वार्थ सूत्र वाचन, पंचमेरु पूजा, दशलक्षण पूजा और आरती हुई। डेंटल कॉलेज के विद्यार्थियों की ‘झुके अभिमान, जागे आत्मज्ञान’ प्रस्तुति विशेष आकर्षण रही।

उत्तम आर्जव धर्म के अवसर पर प्रवचनों में मन, वचन और कर्म में सरलता, निष्कपटता तथा ईमानदारी अपनाने पर जोर दिया गया। भगवान का अभिषेक चीफ हॉस्टल वार्डन डॉ. विपिन जैन, आदित्य, अक्षत और डीन मैनेजमेंट प्रो. विपिन जैन ने स्वर्ण कलश से किया। श्रद्धालुओं ने रजत और स्वर्ण झारी से शांतिधारा की, जबकि अष्टकुमारी बनी छात्राओं ने चंवर ढुलाए। कृति जैन ने तत्त्वार्थ सूत्र का वाचन किया।

पंडित ऋषभ शास्त्री के सानिध्य में विधि-विधान से पूजा संपन्न हुई। लोकेश जैन एंड पार्टी के भजनों से जिनालय का वातावरण भक्तिमय रहा। पूजन के बाद भगवान महावीर, पंच परमेष्ठी और भगवान शांतिनाथ की आरती की गई।

संध्या में डेंटल कॉलेज के प्रिंसिपल और फैकल्टी सदस्यों ने दिव्य घोष एवं ढोल-नगाड़ों के साथ जिनालय से श्रीजी की आरती रिद्धि-सिद्धि भवन तक पहुंचाई। यहां आरती के बाद आयोजित भक्ति संध्या में विद्यार्थियों और श्रद्धालुओं ने विभिन्न भजनों पर भावपूर्ण प्रस्तुतियां दीं।

अहंकार से आत्मबोध तक की यात्रा

उत्तम मार्दव दिवस पर पंडित ऋषभ शास्त्री ने कहा कि धन, पद, ज्ञान और उपलब्धियां मनुष्य में अहंकार का कारण नहीं बननी चाहिए। वास्तविक आत्मिक उन्नति ‘मैं’ और ‘मेरा’ के भाव से ऊपर उठकर विनम्रता, संयम और आत्मबोध की ओर बढ़ने में है।

इसके बाद टीएमयू ऑडिटोरियम में डेंटल कॉलेज के विद्यार्थियों ने ‘झुके अभिमान, जागे आत्मज्ञान’ विषय पर नाट्य प्रस्तुति दी। सम्राट भरत और बाहुबली के प्रसंग के माध्यम से अहंकार से आत्मबोध और भौतिक विजय से आध्यात्मिक विजय तक की यात्रा को मंच पर उतारा गया। बाहुबली के राजपाट और सांसारिक वैभव त्यागकर तप एवं साधना का मार्ग अपनाने के प्रसंग ने दर्शकों को प्रभावित किया।

कुलपति प्रो. वी.के. जैन की उपस्थिति में डेंटल कॉलेज, फिजिकल एजुकेशन कॉलेज, फाइन आर्ट कॉलेज और फैकल्टी ऑफ एजुकेशन के अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को विदाई दी गई। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम में कुलाधिपति सुरेश जैन, ग्रुप वाइस चेयरमैन मनीष जैन, ऋचा जैन, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अक्षत जैन, जाह्नवी जैन, नंदनी सहित विश्वविद्यालय के पदाधिकारी, फैकल्टी सदस्य और बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!