Front Page

मुख्यमंत्री धामी ने भी ऊर्जा बचत और स्वदेशी अपनाने का आह्वान किया

 

देहरादून, 11 मई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रीय हित को सर्वोपरि बताते हुए कहा कि ऊर्जा संसाधनों की बचत करना हम सभी नागरिकों का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से की गई अपील केवल आर्थिक बचत तक सीमित नहीं है, बल्कि आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि सभी नागरिक अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए अनावश्यक विदेश यात्राओं को टालें, स्थानीय एवं स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दें और पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने के लिए सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करें, तो इससे देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने ऊर्जा संरक्षण को समय की आवश्यकता बताते हुए बिजली और ईंधन की बचत पर भी जोर दिया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि छोटे-छोटे संकल्प भी देशहित में बड़ा योगदान दे सकते हैं। उन्होंने लोगों से एक वर्ष तक स्वर्ण आभूषणों की खरीद से बचने, खेती में रासायनिक उर्वरकों के स्थान पर प्राकृतिक खाद के उपयोग को बढ़ावा देने तथा खाद्य तेल का संयमित इस्तेमाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से न केवल आर्थिक बचत होगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और आत्मनिर्भरता को भी बल मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के नागरिक हमेशा राष्ट्रहित के कार्यों में अग्रणी रहे हैं। “वोकल फॉर लोकल” और “आत्मनिर्भर भारत” का संकल्प तभी सफल होगा जब प्रत्येक नागरिक अपने स्तर पर योगदान देगा। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य की जनता प्रधानमंत्री के आह्वान को जन आंदोलन का रूप देगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है और जनसहभागिता से यह संकल्प और अधिक मजबूत होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!