डॉ. कमल कुमार बिष्ट को मिला ‘बेस्ट परफ़ॉर्मर’ पुरस्कार
नरेंद्रनगर, 11 मई। धर्मानंद उनियाल राजकीय महाविद्यालय, नरेंद्रनगर के रसायन विज्ञान विभाग के प्राध्यापक डॉ. कमल कुमार बिष्ट को भारतीय विज्ञान संस्थान (IISc) के चलकेरे परिसर, चित्रदुर्ग (कर्नाटक) में आयोजित एडवांस्ड रिफ्रेशर कोर्स में ‘बेस्ट परफ़ॉर्मर’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
यह सम्मान प्रशिक्षण अवधि के दौरान आयोजित व्याख्यानों, प्रयोगशाला सत्रों, क्विज़, असाइनमेंट, प्रारंभिक एवं अंतिम परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर प्रदान किया गया। प्रत्येक विषय से दो प्रतिभागियों का चयन ‘बेस्ट परफ़ॉर्मर’ के रूप में किया गया था।
डॉ. बिष्ट ने बताया कि रिफ्रेशर कोर्स के दौरान प्राप्त अनुभव और आधुनिक शिक्षण तकनीकों की जानकारी उनके अध्यापन कार्य को और अधिक प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने में सहायक होगी।
महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. प्रणीता नंद ने डॉ. बिष्ट को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए इसे महाविद्यालय के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया। महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं कर्मचारी वर्ग ने भी उनकी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की।
इसी अवधि में महाविद्यालय के गणित विभाग के प्राध्यापक डॉ. इमरान अली ने भी गणित विषय के एडवांस्ड रिफ्रेशर कोर्स में सहभागिता की।
उल्लेखनीय है कि भारतीय विज्ञान संस्थान (IISc), चलकेरे परिसर, चित्रदुर्ग (कर्नाटक) में 24 अप्रैल से 9 मई 2026 तक आयोजित इस कार्यक्रम में उत्तराखंड के विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं राजकीय महाविद्यालयों से रसायन विज्ञान, भौतिकी, जंतु विज्ञान, वनस्पति विज्ञान तथा गणित विषयों के लगभग 80 प्राध्यापकों ने प्रतिभाग किया।
