आपदा/दुर्घटना

आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने गजा में लोगों को किया जागरूक

गजा, 8 मई (डी.पी. उनियाल)। तहसील गजा स्थित पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज गजा, शहीद बेलमती चौहान चौक तथा ग्राम गौंसारी में जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण टिहरी गढ़वाल के सहयोग से एनडीआरएफ की टीम द्वारा एक दिवसीय स्कूल सेफ्टी एवं कम्युनिटी सेफ्टी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के 197 छात्र-छात्राओं तथा 48 व्यापारियों एवं ग्रामीणों ने प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम के दौरान एनडीआरएफ टीम ने आपदा से बचाव एवं राहत कार्यों का प्रदर्शन कर छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, कर्मचारियों, व्यापारियों और ग्रामीणों को व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया। टीम लीडर सब इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने बताया कि 15वीं बटालियन एनडीआरएफ के कमांडेंट संतोष कुमार के निर्देशन में जनपद में लगातार आपदा जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में सब इंस्पेक्टर संतोष प्रसाद पुरोहित एवं 15वीं एनडीआरएफ टीम के सदस्यों के साथ जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मुख्य प्रशिक्षक अनिल सकलानी ने आपदा प्रबंधन के विभिन्न चरणों, बचाव उपायों, भूदेव एप तथा आपातकालीन टोल फ्री नंबरों की जानकारी दी।

कॉलेज के प्रधानाचार्य अमरदेव उनियाल तथा नगर पंचायत अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में आपदाओं की संभावनाओं को देखते हुए प्रत्येक व्यक्ति को जागरूक एवं प्रशिक्षित होना आवश्यक है।

इस अवसर पर भाजपा के पूर्व प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी, जिला पंचायत सदस्य ताजबीर सिंह खाती, पूर्व मंडल अध्यक्ष जोत सिंह चौहान, व्यापार सभा अध्यक्ष नीरज सुकेती, प्रधान जयेंद्र सिंह, मकान सिंह चौहान, डी.पी. उनियाल, बिलेंदर सिंह असवाल, रघुबीर सिंह खाती, जगत सिंह असवाल, शैलेंद्र सिंह चौहान सहित अनेक जनप्रतिनिधि, व्यापारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!