गांव-गांव पहुंच रहा पीजी कॉलेज पोखरी का प्रवेश अभियान

छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए किया प्रेरित
पोखरी, 8 मई (राणा)। पर्वतीय क्षेत्रों में उच्च शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और 12वीं उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को महाविद्यालय से जोड़ने के उद्देश्य से राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नागनाथ पोखरी द्वारा व्यापक “महाविद्यालय उपलब्धि प्रचार-प्रसार अभियान” चलाया जा रहा है। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. रीटा शर्मा के नेतृत्व में गठित पांच अलग-अलग दल लगातार गांवों और विद्यालयों में पहुंचकर छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
अभियान का मुख्य उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, सुविधाओं और रोजगारपरक संभावनाओं से अवगत कराना है, ताकि अधिक से अधिक छात्र-छात्राएं उच्च शिक्षा प्राप्त कर अपने भविष्य को संवार सकें।
शुक्रवार को अभियान के तहत पांचों दलों ने पोखरी क्षेत्र के विभिन्न गांवों और शिक्षण संस्थानों में पहुंचकर छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों से संवाद किया। इस दौरान विद्यार्थियों को महाविद्यालय में संचालित पाठ्यक्रमों, पुस्तकालय, प्रयोगशालाओं, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों, छात्रवृत्ति योजनाओं तथा समर्थ पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
अभियान के प्रथम दल ने डॉ. प्रवीण मैठाणी के संयोजकत्व में राजकीय इंटर कॉलेज थालाबैड़ में छात्र-छात्राओं से संवाद किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के महत्व और स्नातक स्तर की पढ़ाई से मिलने वाले अवसरों की जानकारी दी गई। महाविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों और अनुशासित वातावरण से प्रभावित होकर कई विद्यार्थियों ने प्रवेश लेने की इच्छा व्यक्त की।
द्वितीय दल ने डॉ. जगजीत सिंह के नेतृत्व में आली, काण्डई और सतूड़ गांवों का भ्रमण किया। दल के सदस्यों ने ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों को बेटियों और बेटों दोनों को उच्च शिक्षा दिलाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रतिस्पर्धा के इस दौर में उच्च शिक्षा युवाओं के बेहतर भविष्य की आधारशिला है।
तृतीय दल के संयोजक डॉ. रामानंद उनियाल ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज नागनाथ पोखरी में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं को महाविद्यालय की शैक्षणिक सुविधाओं, सांस्कृतिक गतिविधियों तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी संबंधी मार्गदर्शन की जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए उच्च शिक्षा को आवश्यक बताया।
चतुर्थ दल के संयोजक डॉ. आयुष बर्तवाल ने एवीएम पब्लिक स्कूल नागनाथ पोखरी में पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से महाविद्यालय की उपलब्धियों का विस्तृत परिचय कराया। इस दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों को महाविद्यालय में उपलब्ध संसाधनों, अनुभवी प्राध्यापकों तथा शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने उच्च शिक्षा से जुड़े विभिन्न प्रश्न भी पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने समाधान किया।
पंचम दल ने डॉ. रेनू सनवाल के संयोजकत्व में ग्राम सभा पोग्ठा में जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान ग्राम प्रधान श्रीमती रेशमा देवी से मुलाकात कर क्षेत्र के नवागंतुक छात्र-छात्राओं को महाविद्यालय में प्रवेश के लिए प्रेरित करने का अनुरोध किया गया। ग्रामीणों ने भी महाविद्यालय की इस पहल की सराहना करते हुए इसे दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए उपयोगी बताया।
प्राचार्य डॉ. रीटा शर्मा ने कहा कि महाविद्यालय का उद्देश्य केवल प्रवेश संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि पर्वतीय क्षेत्रों के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि आर्थिक या भौगोलिक कारणों से कोई भी विद्यार्थी शिक्षा से वंचित न रहे, इसके लिए महाविद्यालय स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में यह अभियान पंचायत और गांव स्तर तक और व्यापक रूप से चलाया जाएगा।
महाविद्यालय प्रशासन ने जानकारी दी कि नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं की सुविधा के लिए समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण की व्यवस्था महाविद्यालय परिसर में उपलब्ध करा दी गई है, जिससे विद्यार्थियों को ऑनलाइन आवेदन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। अभियान के प्रति विद्यार्थियों और अभिभावकों में उत्साह देखा जा रहा है।
