आपदा/दुर्घटना

पोखरी के जौरासी मेंभरभराकर गिरा मकान, परिवार बाल-बाल बचा

 

पोखरी, 18 जुलाई (राणा)। विकासखंड पोखरी की जौरासी ग्राम पंचायत के भेरिया गांव में शनिवार को एक मकान अचानक भरभराकर ढह गया। संयोगवश हादसे के समय घर के भीतर कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि मकान में रखा घरेलू सामान, खाद्यान्न और अन्य गृहस्थी का सामान मलबे में दबकर नष्ट हो गया।
मकान स्वामी कुदी लाल के पुत्र महावीर ने बताया कि सुबह करीब 11 बजे उनके बच्चे स्कूल गए हुए थे, जबकि उनकी पत्नी और माता खेतों में कृषि कार्य कर रही थीं। उनके बुजुर्ग पिता और भांजी घर के आंगन में बैठे थे तथा वह स्वयं रोजगार के सिलसिले में बाहर गए हुए थे। इसी दौरान अचानक मकान भरभराकर गिर पड़ा।


उन्होंने बताया कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन परिवार की पूरी गृहस्थी मलबे में दब गई है। मकान ढहने के बाद परिवार पड़ोसियों के घरों में शरण लेने को विवश है।
महावीर ने प्रशासन से मौके पर पहुंचकर क्षति का आकलन करने तथा पीड़ित परिवार को शीघ्र उचित मुआवजा और राहत सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्राम प्रधान मीनाक्षी देवी सहित क्षेत्र के ग्रामीणों ने भी प्रशासन से तत्काल राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!