पत्रकार कल्याण कोष से नौ परिवारों को आर्थिक सहायता, तीन वरिष्ठ पत्रकारों के लिए पेंशन की संस्तुति
देहरादून, 21 जुलाई ।सूचना महानिदेशक श्री बंशीधर तिवारी की अध्यक्षता में सूचना निदेशालय में पत्रकार कल्याण कोष (कॉर्पस फंड) तथा मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रस्तुत मामलों पर विचार के बाद समिति ने पत्रकार कल्याण कोष से नौ दिवंगत पत्रकारों के आश्रितों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने की संस्तुति की।
समिति ने मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना के अंतर्गत तीन वरिष्ठ पत्रकारों को आठ हजार रुपये प्रतिमाह की दर से पेंशन दिए जाने की भी संस्तुति की।
बैठक में सूचना महानिदेशक श्री बंशीधर तिवारी ने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों के कल्याण और सम्मान के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसी भावना के अनुरूप सूचना विभाग पत्रकारों से जुड़े कल्याणकारी मामलों का त्वरित और संवेदनशीलता के साथ निस्तारण कर रहा है। उन्होंने कहा कि संकटग्रस्त पत्रकारों एवं दिवंगत पत्रकारों के आश्रितों को यथासंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए समिति की नियमित बैठकें आयोजित कर प्राप्त मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है।
बैठक में अपर निदेशक श्री आशीष कुमार त्रिपाठी, संयुक्त निदेशक श्री के.एस. चौहान, वरिष्ठ वित्त अधिकारी श्रीमती शशि सिंह तथा समिति के सदस्य श्री लक्ष्मण सिंह नेगी, श्री अमित शर्मा और श्रीमती शशि शर्मा उपस्थित रहे।
