क्षेत्रीय समाचार

चमोली के सेलंग में शंकराचार्य चिकित्सा सेवालय का भूमिपूजन सम्पन्न

-महिपाल गुसाईं-
गोपेश्वर/जोशीमठ, 21 नवंबर। गुरुवार को सेलंग गांव में विधि विधान से ज्योतिष्पीठाधीश्वर शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती की ओर से प्रतावित विशाल चिकित्सालय का भूमिपूजन सम्पन्न हुआ।

 

बहुत दिनों से प्रतीक्षित लोक आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए ब्रह्मलीन स्वामी स्वरूपानंद की इच्छा थी कि यहां एक बडा चिकित्सालय बनाकर मठ की ओर से जनता की निःशुल्क सेवा की जाए, उसी क्रम को पूरा करने के लिए आज भूमिपूजन किया गया है।

इस् अवसर पर अपने सन्देश में  ज्योतिष्पीठाधीश्वर शंकराचार्य  अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि सीमांत क्षेत्र में सभी सुविधाओं से युक्त चिकित्सालय की मांग रही है। जन भावनाओं का सम्मान करते हुए श्रीशंकराचार्य चिकित्सा सेवालय के निर्माण का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि इसकी शुरुआत भूमि पूजन के साथ हो गई है।  शङ्कराचार्य ने सभी क्षेत्र वासियों आपको अपनी ओर से शुभकामनाएं प्रेषित की ।

निर्धारित कार्यक्रम के तहत गुरुवार को प्रातः ज्योतिर्मठ की ओर से भगवती राजराजेश्वरी, भगवती नवदुर्गा, भगवती भुवनेश्वरी जी सहित सभी देवस्थानों की पूजा की गई। सेलंग गांव पहुँच कर भूम्याल देवता की पूजा कर गढी भवानी को भोग आरती समर्पित किया गया। गुरु पुष्य योग में विधि-विधान से पंचांग पूजन सम्पन्न हुआ। समस्त पूजा विधि डा. प्रदीप सेमवाल और जगदीश जोशी द्वारा सम्पन्न कराया गया।

श्रीशंकराचार्य चिकित्सा सेवालय का भूमि पूजन बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों की मौजूदगी में किया गया। शंकराचार्य के प्रतिनिधि ब्रह्मचारी मुकुन्दानंद के द्वारा भूमि पूजन से संबंधित कार्य संपन्न हुए। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने शंकराचार्य द्वारा की गई पहल की सराहना करते हुए कहा कि शंकराचार्य चिकित्सा सेवालय जनता के लिए वरदान साबित होगा।

ज्योतिर्मठ प्रभारी ब्रह्मचारी मुकुंदानंद  ने प्रस्तावित चिकित्सा सेवालय की रूपरेखा के बारे मे जानकारी देते हुए बताया कि यह एक सौ शैय्याओं से युक्त उच्च सेवा का प्रकल्प होगा।
स्वैच्छिक संस्था हिमाद के प्रमुख उमाशंकर बिष्ट ने कहा कि सीमांत क्षेत्र की जनता को इस सेवालय से निरोग रहने की सुविधा होगी, साथ ही बदरीविशाल की यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होगी। श्री बिष्ट ने इस महान दायित्व के निर्वहन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पैनखंडा क्षेत्र के लिए यह सेवालय वरदान सिद्ध होगा।

जोशीमठ के पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रकाश रावत ने अपनी शुभकामनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि प्रस्तावित चिकित्सा सेवा संस्थान यहां के लोगों के लिए वरदान सिद्ध होगा। उम्मीद की जानी चाहिए कि इस चिकित्सालय के अस्तित्व में आने के बाद हायर सेंटर रेफर की समस्या पर विराम लगेगा और क्षेत्र में ही उच्च कोटि की चिकित्सा सुविधा लोगों को उपलब्ध होगी।

स्थानीय निवासी डॉ. बृजेश सती ने कहा कि शंकराचार्य जी की परिकल्पना साकार होने का समय आ गया है।यह कार्य सभी लोगों के सामूहिक प्रयासों से संपन्न होगा। लोगों को यहां पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हों, इसी उद्देश्य से यह सेवालय बन रहा है।ज्योतिर्मठ के ब्लॉक प्रमुख हरीश परमार ने कहा कि स्थानीय लोगों की मांग पूरा होने का समय आ गया है। उन्होंने इसके लिए शंकराचार्य जी का आभार व्यक्त किया। चमोली मंगलम् के अध्यक्ष प्रकाश रावत ने भी कहा कि विकास की दृष्टि से इस पिछड़े क्षेत्र में चिकित्सालय की स्थापना एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

व्यापार संघ के अध्यक्ष नैनी भंडारी ने ज्योतिर्मठ प्रबंधन को इस उल्लेखनीय कार्य के लिए संपूर्ण नगर क्षेत्र की ओर से शुभकामनाएं प्रेषित की। कृष्णमणि थपलियाल ने कहा कि शंकराचार्य मठ का सत्कार्य लोगों को प्रेरित करता है। केन्द्रीय धार्मिक डिमरी पंचायत के उपाध्यक्ष भास्कर डिमरी ने कहा कि इस पुनीत कार्य में हमें अपनी भूमिका तय करके इसमें सहभागिता देनी चाहिए। डा. मोहन रावत ने कहा कि आज का दिन इस क्षेत्र के लिए ये बड़े गौरव का विषय है।

ज्योतिर्मठ बचाओ संघर्ष समिति के संयोजक अतुल सती ने कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा ये पूरे उत्तराखंड की समस्या है, इस अस्पताल के बनने से लोगों को लाभ मिलेगा और इन समस्याओं का निराकरण होगा।

देवपुजाई समिति के अध्यक्ष भगवतीप्रसाद नम्बूरी के कहा कि दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सबको इस सेवा कार्य में लग जाना चाहिए। कर्णप्रयाग से पधारे योगी ऐश्वर्य नाथ ने कहा कि समाज सेवा का कार्य राजनेताओं का है, लेकिन सन्त समाज सदा लोककल्याण के लिए आगे बढ़े प्रयत्नशील रहते हैं , अस्पताल का निर्माण इसी का एक महत्वपूर्ण अंग है।

इस अवसर पर ज्योतिर्मठ के व्यवस्थापक ब्रह्मचारी विष्णुप्रियानन्द ने सभी का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में कुशलानन्द बहुगुणा, वरिष्ठ पुजारी शिवानन्द उनियाल, पीठ पुरोहित आनन्द सती, आर्किटेक्चर प्रवीण गोयल, डा निशांत तिवारी, लक्ष्मीप्रसाद त्रिपाठी, लक्ष्मण सिंह फरकिया, महिमानन्द उनियाल, अनिरुद्ध उनियाल, अभिषेक बहुगुणा, कमलेशकान्त कुकरेती, अमित तिवारी, उमेश सती, संजय उनियाल, विजय सती, मोहन सिंह फर्स्वाण, बच्चन सिंह पंवार शुकदेव सिंह बिष्ट, शिशुपाल सिंह भण्डारी, भरत सिंह कुंवर, महादीप पंवार, वैभव सकलानी, अभिषेक बहुगुणा, समीर डिमरी, प्रदीप भट्ट, अनिल डिमरी, नवीन जोशी, दिनेश सती, सरिता उनियाल, श्रीकांत बिष्ट , धर्मेन्द्र नेगी, विक्रम फर्स्वाण, महिला मंगल दल की अध्यक्षा सरिता देवी फर्स्वाण, भूम्याल पावाराजे सिंह बिष्ट, सतीशचन्द्र डिमरी, आदि अनेक लोग उपस्थित रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!