मसूरी बस दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को सरकार की तरफ से दिए जाएंगे चार-चार लाख रुपये- कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी

Spread the love

देहरादून। मसूरी में बस दुर्घटना में घायल लोगों का हाल जानने कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी दून अस्पताल व मैक्स अस्पताल पहुंचे। उन्होंने डॉक्टरों को घायलों के उचित उपचार के निर्देश दिए। मंत्री जोशी ने कहा कि हादसे की जांच के आदेश दिए हैं। मृतकों के परिजनों को सरकार की तरफ से चार-चार लाख रुपये दिए जाएंगे। घायलों का उपचार कराना सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार घटना की जानकारी ले रहे हैं। दून अस्पताल में भर्ती घायलों को परिवहन निगम की ओर से सहायता राशि दी गई। अस्पताल आए रोडवेज के अधिकारी और कर्मचारियों ने घायलों को पांच हजार और गंभीर घायलों को 10-10 हजार की सहायता राशि दी।

मसूरी में हुए रोडवेज बस हादसे की परिवहन निगम ने जांच बैठा दी है। निगम के महाप्रबंधक संचालन एवं तकनीकी दीपक जैन ने बताया कि वैसे तो प्रशासन के स्तर से अलग जांच होगी लेकिन निगम ने अपने स्तर से जांच बैठाई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे के असली कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल, बताया जा रहा है कि हादसे के पीछे बस के सामने किसी बाइक सवार का आना बताया जा रहा है। उधर, निगम के अधिकारियों ने रविवार को मैक्स अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। हादसे के बाद बस और बस चालक के रूट को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि यह बस चालक सहारनपुर रूट पर इस बस को चलाता था। लेकिन, रविवार को उसे मसूरी भेज दिया गया। ऐसे में इस हादसे को उसके अनुभव से जोड़कर भी देखा जा रहा है। हालांकि, इस मामले में महाप्रबंधक संचालन संजय गुप्ता ने बताया कि यात्रियों की उपलब्धता को देखते हुए बसों का निर्धारण किया जाता है। जिस रूट पर सवारियां अधिक होती हैं, स्टेशन अधीक्षक उस रूट पर बसों की संख्या अधिक कर देते हैं। ऐसे में इस बस को भी मसूरी के लिए भेजा गया था। बस की फिटनेस वैध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!