क्राइम

कीड़ा जड़ी (यारसागंबू) के साथ पिथौरागढ़ का व्यक्ति चमोली में गिरफ्तार

—हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट—
थराली, 7 अक्टूबर। चमोली पुलिस की एसओजी और थाना थराली पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में 140 ग्राम अवैध कीड़ा जड़ी (यारसागंबू) बरामद कर पिथौरागढ़ निवासी एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बरामद यारसागंबू की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर एसओजी पिछले तीन दिनों से पिंडर घाटी क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत देवाल विकासखंड के रामपुर और तोरती गांवों में वन विभाग तथा समाज कल्याण विभाग के सहयोग से करीब 160 नाली भूमि में उगाई गई भांग की फसल नष्ट की गई।
पुलिस के अनुसार मंगलवार देर शाम एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक सतेंद्र सिंह बुटोला के नेतृत्व में टीम देवाल-नंदकेशरी-चिडिंगा मोटर मार्ग पर जांच कर रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ और तलाशी ली तो उसके कब्जे से 140 ग्राम यारसागंबू बरामद हुआ।
आरोपी की पहचान कुंवर सिंह पुत्र ललित सिंह, निवासी ग्राम खुम्पी, थाना बल्वाकोट, पिथौरागढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ थाना थराली में मुकदमा संख्या 31/2026 दर्ज किया है। मामला वन अधिनियम, 1927 की धारा 26(1)(छ), 41/42 तथा उत्तराखंड इमारती लकड़ी एवं वन उपज से संबंधित नियमों की धाराओं के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यारसागंबू कहां से एकत्र किया गया और इसे कहां ले जाया जा रहा था।
कार्रवाई करने वाली एसओजी टीम में प्रभारी सतेंद्र सिंह बुटोला के साथ कांस्टेबल सलमान खान और रजत शामिल थे।
पिंडर घाटी में पिछले कुछ दिनों से अवैध भांग की खेती और वन उपज की तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई से इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों में खलबली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!