पत्रकार कल्याण योजना के तहत 12 वर्षों में 456 पत्रकारों को 19.41 करोड़ रुपये की सहायता
नई दिल्ली, 5 अगस्त। केंद्र सरकार ने कहा है कि पत्रकारों और मीडिया कर्मियों के कल्याण के लिए पत्रकार कल्याण योजना (जेडब्ल्यूएस), केंद्रीय सरकार स्वास्थ्य योजना (सीजीएचएस) तथा मान्यता संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
सरकार के अनुसार, पत्रकार कल्याण योजना के तहत मृत्यु, स्थायी दिव्यांगता, गंभीर बीमारी अथवा दुर्घटना के कारण अस्पताल में भर्ती होने जैसी परिस्थितियों में पत्रकारों, मीडिया कर्मियों या उनके परिवारों को तत्काल आधार पर एकमुश्त अनुग्रह सहायता प्रदान की जाती है। इस योजना का लाभ प्रेस सूचना ब्यूरो (पीआईबी) तथा राज्य एवं केंद्र शासित प्रदेश सरकारों से मान्यता प्राप्त पत्रकारों के साथ-साथ गैर-मान्यता प्राप्त पत्रकार भी ले सकते हैं।
सरकार ने बताया कि वर्ष 2014-15 से 2025-26 के दौरान इस योजना के तहत 456 पत्रकारों और मीडिया कर्मियों अथवा उनके परिवारों को कुल 19.41 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की गई।
पीआईबी से मान्यता प्राप्त पत्रकार अपने तथा अपने आश्रित परिवार के सदस्यों के लिए केंद्रीय सरकार स्वास्थ्य योजना (सीजीएचएस) की सुविधाओं के पात्र हैं। इसके तहत सरकारी अस्पतालों के अलावा सीजीएचएस पैनल में शामिल निजी अस्पतालों में भी निर्धारित दरों पर उपचार की सुविधा उपलब्ध है।
सरकार के अनुसार, प्रेस सूचना ब्यूरो राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के पत्रकारों को मान्यता प्रदान करता है। वर्तमान में पीआईबी से मान्यता प्राप्त पत्रकारों की संख्या 1,786 है।
यह जानकारी केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन ने राज्यसभा में सांसद दामोदर अग्रवाल के प्रश्न के लिखित उत्तर में दी।
