आईटीबीपी की सांस्कृतिक संध्या में हिमवीरों ने बिखेरे लोक संस्कृति के रंग

गौचर, 12 जुलाई (दिग्पाल गुसाईं)। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की 8वीं वाहिनी, गौचर में “हैप्पी आवर्स” कार्यक्रम के तहत आयोजित सांस्कृतिक संध्या में हिमवीरों, हिमवीरांगनाओं एवं उनके परिवारों ने रंगारंग प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। कार्यक्रम में उत्तराखंड सहित देश के विभिन्न राज्यों की लोक एवं सांस्कृतिक झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम का आयोजन वाहिनी के सेनानी मनोहर सिंह रावत के मार्गदर्शन तथा हौवा (HIMVEER WIVES WELFARE ASSOCIATION) की मुख्य संरक्षिका श्रीमती अंजना रावत की अध्यक्षता में किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में महानिरीक्षक (एम एंड एस एवं आई), औली, अखिलेश सिंह रावत तथा हौवा की मेंटर श्रीमती लीना रावत उपस्थित रहीं। अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर पारंपरिक स्वागत किया गया।
सांस्कृतिक संध्या में हिमवीरांगनाओं, हिमवीरों और उनके परिवारों ने लोकनृत्य, समूहगान, देशभक्ति गीतों एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के माध्यम से भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ‘विविधता में एकता’, पारिवारिक मूल्यों और राष्ट्रीय एकात्मता का प्रभावी संदेश दिया गया।
मुख्य अतिथि अखिलेश सिंह रावत ने प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बल के जवानों और उनके परिवारों के बीच आत्मीयता, सांस्कृतिक समन्वय तथा आपसी सहयोग को मजबूत करने के साथ ही मनोबल बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने हौवा द्वारा परिवारों के कल्याण और सामाजिक समरसता के लिए किए जा रहे कार्यों की भी प्रशंसा की।
कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। पूरे आयोजन का समापन उत्साह, अनुशासन और सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ, जिसकी अधिकारियों, जवानों और उनके परिजनों ने सराहना की।
